राजस्थान में पैदा हुआ देश का सबसे वजनी बच्चा
राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक महिला ने 5.970 (लगभग छह किलो) के बच्चे को जन्म दिया है। दावा किया जा रहा है कि यह देश का सबसे वजनी नवजात है। श्रीगंगानगर जिला अस्पताल में रविंद्र सिंह की पत्नी गोगाबाई ने सीजेरियन डिलीवरी के जरिए लड़के को जन्म दिया।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक महिला ने 5.970 (लगभग छह किलो) के बच्चे को जन्म दिया है। दावा किया जा रहा है कि यह देश का सबसे वजनी नवजात है। श्रीगंगानगर जिला अस्पताल में रविंद्र सिंह की पत्नी गोगाबाई ने सीजेरियन डिलीवरी के जरिए लड़के को जन्म दिया। डॉक्टर रिकॉर्ड के हिसाब से इसे देश का सबसे वजनी बच्चा बता रहे हैं। इससे पहले मणिपुर में 5.900 किलो का बच्चा जन्मा था। बच्चे की मां का वजन भी करीब 100 किलो है। सांस लेने में तकलीफ के चलते बच्चे को चाइल्ड केयर यूनिट में रखा गया है। बच्चे की मां गोगाबाई फिलहाल आईसीयू में हैं।
अस्पताल की चिकित्सक डॉ. अनामिका अग्रवाल ने बताया कि आमतौर से नवजात का वजन 2.5 से चार किलो के बीच होता है। गोगाबाई को देखकर लग रहा था कि बच्चा वजनी होगा। हम चार किलो वजन तक सोच रहे थे। पर जब बच्चे का वजन किया गया तो हम हैरान रह गए।
महिला चिकित्सक डॉ. स्मृति छाबड़ा ने बताया कि नवजात का वजन ज्यादा होना मां पर निर्भर करता है। जिन महिलाओं को बीपी, डायबिटीज और मोटापे की शिकायत होती है, उनके वजनी बच्चे होने की संभावना रहती है।