सोनिया-राहुल ने संसद में, पायलट-गहलोत ने जयपुर में किया प्रदर्शन
संसद में जहां कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी सहित अन्य सांसद प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं जयपुर में भी प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी आक्रोश जताने बड़ी चौपड़ पर पहुंच गए हैं।
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। लोकसभा में हंगामा कर रहे कांग्रेस के 25 सांसदों को 5 दिन के लिए निलंबित किए जाने के बाद पार्टी में आक्रोश है। मंगलवार सुबह से संसद में जहां कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी सहित अन्य सांसद प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं जयपुर में भी प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी आक्रोश जताने बड़ी चौपड़ पर पहुंच गए हैं।
पायलट के नेतृत्व में किए जा रहे केन्द्र सरकार के खिलाफ आंदोलन में बड़ी संख्या में कांग्रेसी यहां पहुंचे हुए हैं। इस मौके पर केन्द्र सरकार का पुतला फूंका गया। पायलट ने कांग्रेस के 25 सांसदों को संसद की कार्यवाही से पांच दिनों के लिए निलम्बित किए जाने को भाजपा की हठधर्मिता बताया है।
उन्होंने कहा कि इस तरह का निलंबन लोकतांत्रिक व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिन्ह है, क्योंकि सत्ता पक्ष पर बहुमत के आधार पर विपक्ष के अभिमत को दरकिनार करना जनता की आवाज दबाने जैसा है।