निकाय चुनाव में भी मोदी लहर के भरोसे भाजपा
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के जरिये मिली ऐतिहासिक जीत से उत्सा
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के जरिये मिली ऐतिहासिक जीत से उत्साहित राजस्थान भाजपा स्थानीय निकाय चुनाव में भी मोदी लहर के भरोसे है। 22 नवंबर को होने वाले निकाय चुनावों जीत तय करने के लिए प्रयास तेज कर दिए है। इसके लिए एक बार फिर पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता को भुनाने में लगी है।
पार्टी की ओर से जयपुर में मोदी के बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए है। निकाय चुनाव के मद्देनजर जयपुर में कई जगह लगाए गए इन पोस्टरों पर मोदी की फोटो के साथ मोदी के सपने का भारत बनाएंगे, नगर निगम में भाजपा सरकार लाएंगे, लिखकर मतदाताओं का ध्यान खींचने का प्रयास किया गया है। राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने लोकसभा, विधानसभा चुनाव के बाद अब स्थानीय निकाय चुनाव में जीत के लिए लोगों से कड़ी से कड़ी जोड़ने का आग्रह किया है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश भट्ट का कहना है कि भाजपा मिशन स्थानीय निकाय को लेकर सक्रिय है।
इधर लोकसभा और विधानसभा चुनाव में बुरी तरह हार के बाद अब कांग्रेस सचिन पायलट की अगुवाई में स्थानीय निकाय चुनाव में एकजुटता से सक्रिय हो गई है। पायलट के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने राज्य का दौरा शुरू कर दिया है।
कांग्रेस ने शनिवार को जयपुर नगर निगम चुनाव घोषणा पत्र जारी कर दिया। कांग्रेस को उम्मीद है कि दो माह पूर्व चार विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में मिली पार्टी को जीत की तरह इस बार स्थानीय निकाय चुनाव में भी चमत्कार होगा।