पुष्कर मेला: साधु-संतों ने किया शाही स्नान, महास्नान आज
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेले में दूर-दराज से आए सैकड़ों साधु-संतों ने बुधवा
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेले में दूर-दराज से आए सैकड़ों साधु-संतों ने बुधवार सुबह पुष्कर सरोवर में शाही स्नान किया। कार्तिक पूर्णिमा का महास्नान गुरुवार को होगा। महास्नान के साथ ही कार्तिक पंचतीर्थ स्नान और संसार प्रसिद्ध पुष्कर मेला संपन्न हो जाएगा।
बुधवार सुबह सात बजे राम रम्मैया आश्रम के महंत स्वामी प्रेमदास महाराज और सैनाचार्य अचलानंद महाराज की अगुवाई में अजमेर रोड़ स्थित संन्यास आश्रम से गाजे-बाजे के साथ संतों की शाही यात्रा आरंभ हुई। यात्रा अजमेर बस स्टेंड से परिक्रमा मार्ग होती हुई सप्तऋषि घाट पहुंची जहां संतों ने सरोवर में शाही स्नान किया।
स्नान के बाद यात्रा ब्रह्म मंदिर के दर्शन और सरोवर की परिक्रमा करते हुए दोबारा संन्यास आश्रम पहुंच कर संपन्न हुई। इस मौके पर पुष्कर के समाज सेवी और व्यवसायियों की ओर से संतों को शॉल ओढ़ा कर स्वागत किया गया। यात्रा में पुष्कर के विभिन्न आश्रम, मठ एवं मंदिरों में ठहरे संत-महात्माओं ने भाग लिया।
उधर, शाही स्नान के दूसरे दिन गुरुवार को ब्रह्म सरोवर में महास्नान होगा। महास्नान के लिए श्रद्धालुओं की आवक बुधवार से शुरू हो गई। महास्नान के लिए उमड़ने वाली भीड़ के मध्य नजर जिला और पुलिस प्रशासन मुस्तैद हो गया है तथा वन-वे समेत विभिन्न व्यवस्थाओं को अंजाम देने में जुट गया है।