Move to Jagran APP

विस उपचुनाव में भाजपा को करारा झटका, कांग्रेस को मिली संजीवनी

By Edited By: Published: Wed, 17 Sep 2014 06:19 AM (IST)Updated: Wed, 17 Sep 2014 01:48 AM (IST)
विस उपचुनाव में भाजपा को करारा झटका, कांग्रेस को मिली संजीवनी

जयपुर [नरेन्द्र शर्मा]। राजस्थान की चार विधानसभा सीटों पर हुए उप चुनाव में भाजपा को करारा झटका लगा है। कांग्रेस नौ महीने पहले विधानसभा चुनाव और फिर लोकसभा चुनाव में चली मोदी लहर और वसुंधरा राजे की चमक दोनों को पीछे छोड़ते हुए चार में से तीन सीटों पर विजय हासिल की है।

loksabha election banner

नौ माह पूर्व हुए विधानसभा चुनाव में इन सभी सीटों पर भाजपा ने कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों के अंतर से हराया था और फिर इसके बाद हुए लोकसभा चुनाव में भी भाजपा की बढ़त कायम रही। ये चारों सीटें लोकसभा चुनाव जीते चुके भाजपा विधायकों के इस्तीफों के कारण रिक्त हुई थी।

भाजपा चारों सीटों पर अपनी जीत पक्की मानकर चल रही थी, लेकिन ना तो वसुंधरा राजे सरकार और ना ही भाजपा संगठन जनता के मूड को समझ नहीं सके। मतदाताओं ने भाजपा से अधिक कांग्रेस पर भरोसा किया, जिसका नतीजा यह रहा कि चार में से मात्र एक सीट जीत कर भाजपा को संतोष करना पड़ा।

राज्य और केन्द्र में सत्ता हासिल करने के कुछ माह बाद हुए चार सीटों के उपचुनाव में मतदाताओं ने भाजपा को यह सोचने को विवश कर दिया कि कहीं ना कहीं तो गलती हो रही है। हालांकि केन्द्र की मोदी सरकार और राज्य की वसुंधरा राजे सरकार ने जनहित के कई निर्णय किए। लेकिन भाजपा संगठन और विधायकों की कमी यह रही कि इन निर्णयों को मतदाताओं तक प्रचारित नहीं कर सके। कार्यकर्ता स्वयं की सत्ता में हिस्सेदारी महसूस नहीं कर रहा। उम्मीदवारों का चयन, आंतरिक कलह, विधानसभा से इस्तीफा देकर सांसद बने चारों नेताओं द्वारा की गई भीतरघात और बाहरी नेताओं को क्षेत्र बदलकर चुनाव लड़वाया जाना भाजपा की हार का कारण माने जा रहे है।

भाजपा की चुनाव कमान पूरी तरह से मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के हाथ में रही, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी और संगठन के पदाधिकारी चुनाव अभियान में जुटे ही नहीं।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने राज्य के सभी वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर चुनाव अभियान चलाया, उम्मीदवारों का चयन स्थानीय नेताओं की सलाह से किया गया। जातिगत समीकरणों का भी प्रत्याशी चयन में ध्यान रखा गया। चार में से भाजपा ने एक मात्र सीट कोटा दक्षिण पर जीत हासिल की है। यहां भाजपा प्रत्याशी संदीप शर्मा ने कांग्रेस के शिवकांत नदंवाना को 27,760 वोटों से हराया। हालांकि यहां भी जीत को अंतर नौ माह पूर्व हुए विस. एवं लोस. चुनाव से काफी कम रहा।

नसीराबाद विधानसभा सीट पर कांग्रेस के रामनारायण गुर्जर ने भाजपा की सरिता गैना को 386 वोटों से हराया। वहीं वैर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के भजन लाल ने भाजपा के गंगाराम कोली को 25,108 वोटों से हराया।

सूरतगढ़ सीट से कांग्रेस के श्रवण कुमार ने भाजपा के दिगम्बर सिंह को 3271 वोटों से हराया। इन चारों सीटों के परिणाम से वसुंधरा सरकार को विधानसभा में विश्वास मत को लेकर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है, क्योंकि उनके पास पूर्ण बहुमत है। लेकिन यह जीत भाजपा में आंतरिक कलह बढ़ाने के साथ ही कांग्रेस के लिए संजीवनी का काम कर सकती है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.