पार्टी का सिर्फ एक गुट है वह सोनिया गांधी : पायलट
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। राजस्थान में विधानसभा चुनाव तथा लोकसभा चुनाव में अब तक की सबसे बड़ी हार का सामना करने के बाद कांग्रेस स्थानीय निकाय चुनाव से पहले खुद को फिर से एकजुट करने में जुटी हुई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट पार्टी में गुटबाजी की खबरों से इंकार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। विचार अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन कोई गुटबाजी नहीं है। पार्टी का सिर्फ एक गुट है-वह सोनिया गांधी है। मुझे राज्य में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं से समर्थन मिल रहा है।
जयपुर में पत्रकारों से एक बातचीत में पायलट ने कहा कि 13 सितंबर को राज्य की चार विधानसभा सीटों पर होने वाले उप चुनाव एवं उसके बाद स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनाव में कांग्रेस जीतेगी, लोग राज्य की भाजपा सरकार से अभी से परेशान हो गए है।
गौरतलब है कि कांग्रेस को राजस्थान विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। 200 विधानसभा सीटों में से सिर्फ 21 सीटों पर जीत हासिल हुई थी, जबकि भारतीय जनता पार्टी को 163 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। पार्टी लोकसभा चुनाव में राज्य की एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं कर पाई है।