महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरे कांग्रेसी
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र। भाजपा सरकार की नीतियों और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने राजस्थान में मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस ने बुधवार को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किए। सभी जिलों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
सचिन पायलट के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद बुधवार को पहली बार पार्टी ने कोई बड़ा आयोजन किया। जयपुर में कलेक्ट्रेट के सामने हुए विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व सचिन पायलट ने किया। वहीं जोधपुर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, चित्ताोड़गढ़ में पूर्व केन्द्रीय मंत्री गिरिजा व्यास कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठे।
जयपुर में पायलट की मौजूदगी में पार्टी के युवा कार्यकर्ता उग्र हो गए और जबरन कलेक्ट्रेट में घुसने की कोशिश की। ऐसे हालात में पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा जिसमें कई कार्यकर्ता जख्मी हो गए। अन्य कई जिलों में भी पुलिस और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने रेल, बस, माल भाड़ा, डीजल पेट्रोल, रसोई गैस, चीनी, आलू-प्याज सब्जी के दामों में अनावश्यक वृद्धि कर आमजन पर बोझ डाला है।