सांसद भगवंत मान का फूंका पुतला
संवाद सहयोगी, भवानीगढ़ (संगरूर)
लोकसभा हलका संगरूर के सांसद भगवंत मान के खिलाफ सिख संगत में रोष बढ़ रहा है। इसके रोष स्वरूप बुधवार को सिख संगत ने चंडीगढ़-बठिंडा मुख्य मार्ग पर पुराने बस स्टैंड के समीप सांसद भगवंत मान का पुतला फूंककर अपना रोष जताया। सांसद भगवंत मान पर सिख पंथ के जयकारे का मजाक उड़ाने का सिख संगत ने आरोप लगाया है।
इस अवसर पर आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान रूपिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को सिख धर्म की भावनाओं से खिलवाड़ करते बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भगवंत मान ने सिख गुरुओं के जयकारे पर गलत टिप्पणी करके सिखों का मजाक उड़ाया है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवंत मान ने सिख संगत की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। सिख संगत ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान अवतार सिंह मक्कड़ से मांग की है कि वह इस मसले को गंभीरता से लेते हुए सिख संगत को इंसाफ दिलाएं। सिख संगत ने अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी गुरबचन सिंह को एक ज्ञापन व भगवंत मान द्वारा जयकारे की बेअदबी करने की वीडियो सीडी भेजी।
इस मौके पर हरविंदर सिंह काकड़ा, गोल्डी तूर, भरपूर सिंह, इंद्रजीत सिंह तूर, हरजीत सिंह बीटा, नछत्तर सिंह, निर्मल सिंह, टविंकल गोयल, गुरतेज सिंह, हरिंदर सिंह मोदी, मग्घर सिंह तूर, जगदेव सिंह व अजैब सिंह आदि उपस्थित थे।