2017 में पंजाब : केजरीवाल
राजीव पाठक, सुनाम : आम आदमी पार्टी (आम) के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पार्टी पहले दिल्ली विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत झोंकेगी। लोग उनको पहले से अधिक सीटे और स्पष्ट बहुमत देंगे। पंजाब में विधानसभा उपचुनाव भी लड़ेंगे, क्योंकि यहां पार्टी का बड़ा जनाधार है। यहां और जनाधार बढ़ाएंगे और 2017 में सरकार बनाएंगे।
केजरीवाल ने स्पष्ट किया कि हरियाणा, महाराष्ट्र में पार्टी के पास पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। इसलिए पार्टी वहां प्रस्तावित विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी। अभी दिल्ली में जोर लगाएंगे। दिल्ली ने आप का 49 दिनों तक शासन देखा है, जिसका लोगों पर असर है। ये चाहते हैं कि पार्टी पांच साल तक 49 दिनों वाली ही व्यवस्था बनाकर रखे। इस चुनाव के बाद पार्टी अन्य राज्यों के चुनाव लड़ेगी।
यहां शुक्रवार को शुरू हुई पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की तीन दिवसीय बैठक के दौरान पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार दिल्ली से बाहर कार्यकारिणी बैठक हो रही है। ऐसा इसलिए कि क्योंकि देशभर में भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे ज्यादा समर्थन पंजाबवासियों ने ही दिया। यहां के लोगों ने राजनीतिक समझ का परिचय देते हुए पार्टी को बीते लोकसभा चुनाव में 24 फीसद वोट दिए।
बैठक से पहले अरविंद ने यहां स्थित स्टेडियम में शहीद ऊधम सिंह के यादगारी स्मारक पर श्रद्धांजलि दी और सुनाम चौक पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। स्टेडियम में वह बच्चों से चलते-चलते मिले। वह संगरूर से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं मनीष सिसोदिया, योगेंद्र यादव, सांसद भगवंत मान व अन्य प्रतिनिधियों के साथ बस से आए। रास्ते में कई जगहों पर गांववासियों ने बस रुकवाकर केजरीवाल का स्वागत किया।
----------
'रात्रि भोज शुल्क गलत नहीं'
पार्टी के प्रतिनिधियों की ओर से अरविंद के साथ रात्रि भोज के लिए दस हजार रुपये का शुल्क लगाने के सवाल पर उनका जवाब था कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है। सभी पार्टियां फंड इकट्ठा करती हैं। उनकी पार्टी पारदर्शी ढंग से फंड जुटा रही है।