कांग्रेस में गुटबंदी नहीं
जाटी, बरनाला/सरदूलगढ़
कांग्रेस में कोई गुटबंदी नहीं है, गुटबंदी का प्रचार विपक्षी दलों के नेता कांग्रेसियों के हौसले गिराने के लिए कर रहे हैं।
यह शब्द प्रदेश कांग्रेस प्रचार कमेटी की प्रमुख बीबी रजिंदर कौर भट्ठल ने ट्राइडेंट ग्रुप उद्योग बरनाला के हेलीपैड पर शनिवार को एक प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान कहे। वह कांग्रेस प्रत्याशी विजय इंदर सिंगला के पक्ष में प्रचार करने के लिए पहुंची थीं। भट्ठल ने कहा कि अपने हलके को छोड़ कर दूसरे लोकसभा क्षेत्रों में प्रचार में जुटे कांग्रेसी विधायक व नेताओं को अपने गृह क्षेत्रों में तुरंत लौटने के आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश का पालन नहीं करने वालों की रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को भेजी जाएगी। राज्य के लोग राज्य सरकार की लोक विरोधी नीतियों से तंग आ चुके हैं। पंजाब में आम आदमी पार्टी का कोई वजूद नहीं है। अकाली-भाजपा गठबंधन के साथ ही कांग्रेस का मुकाबला है। भगवंत मान का हाल लोकसभा चुनाव में भी विधानसभा जैसा ही होगा। इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष परमजीत सिंह मान, कांग्रेस के लीगल सेल के नेता एडवोकेट भारत भूषण मैनन, सर्बजीत सिंह नंगल व अन्य नेताओं ने बीबी भट्ठल का भव्य स्वागत किया।
बाद में सरदूलगढ़ में
हलका सरदूलगढ़ कांग्रेस के पूर्व जिला प्रधान सुखविंदर सिंह सुखी के आवास पर पत्रकारों से मुखातिब होती भट्ठल ने कहा कि नरेंद्र मोदी इस देश के टुकड़े टुकड़े कर देंगे। जब केंद्र में भाजपा की सरकार बनी थी। उस समय तो वह पंजाब का मसला हल नहीं कर सके। अब श्रीनगर का मसला कैसे हल कर देंगे?
इसके बाद उन्होंने बठिंडा से कांग्रेस-पीपीपी के प्रत्याशी मनप्रीत सिंह बादल के पक्ष में झंडुके व मीरपुर कलां गांवों में की चुनावी जनसभाओं में कहा कि लोकसभा सीट बठिंडा के शिअद भाजपा प्रत्याशी हरसिमरत कौर बादल की हार तय है। इसलिए पूरा बादल परिवार इस सीट को बचाने में दिन रात एक किए हुए है। इस चुनाव में असली व नकली बादल की पहचान हो जाएगी।