पौधरोपण अभियान से जुड़ा भारत विकास परिषद भाखड़ा नंगल
जागरण संवाददाता, नंगल पर्यावरण संरक्षण के लिए दैनिक जागरण की ओर से शुरू किए गए पौधरोपण अभियान 'मिश
जागरण संवाददाता, नंगल
पर्यावरण संरक्षण के लिए दैनिक जागरण की ओर से शुरू किए गए पौधरोपण अभियान 'मिशन एक करोड़ पौधे, पौधे लगाएं पौधे अपनाएं' के तहत शनिवार को भारत विकास परिषद भाखड़ा नंगल ने पौधरोपण अभियान शुरू कर दिया है। बरारी गांव के अस्पताल में विभिन्न किस्मों के छायादार पौधे लगाने की शुरुआत करते हुए भाविप के अध्यक्ष प्रो. आरके गुप्ता तथा जिलाध्यक्ष एडवोकेट अशोक मनोचा व सचिव डा. अशोक शर्मा ने कहा कि दैनिक जागरण की ओर से पर्यावरण संरक्षण के लिए देशभर में एक करोड़ पौधे लगाने का अभियान सराहनीय है। दिनोंदिन बढ़ते जा रहे प्रदूषण के मद्देनजर ऐसे अभियानों की सख्त जरूरत है। लोगों को जागरूक करने की दिशा में ऐसे प्रयास ही कारगर साबित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि शुरू किया गया कार्यक्रम पौधे लगाने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पौधों को वृक्ष बनाने के लिए भी उनका संगठन वर्षभर प्रयास जारी रखेगा। इस मौके पर परिषद के जरनैल सिंह संधु, कुलदीप शर्मा, राजी छाबड़ा, एसएन सहदेव, दवेंद्र शर्मा आदि ने भी अभियान में सहयोग देते हुए कहा कि इस अभियान को मानसून के मौसम खत्म होने तक जारी रखा जाएगा। अस्पताल के स्टाफ सदस्यों डॉ. विधान चंद्र के अलावा अन्य कर्मचारियों सुरेंद्र मोहन, शशी, अजय कुमार, शिव कुमार, सीमा रानी, सविता रानी आदि ने भी पौधरोपण अभियान में सहयोग देते हुए कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में पौधों का अहम रोल है। इसलिए हरियाली में इजाफा करना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम में सभी ने अस्पताल प्रांगण में 15 छायादार पौधे रोपित किए।
सुभाष शर्मा, जागरण संवाददाता, नंगल।
23 जुलाई, 2016