गांव माहणीखेड़ा में स्ट्रीट लाइट लगाने को लेकर अकाली भिड़े, पांच जख्मी
कलाकार गग्गू गिल का बेटा है इस गांव का सरपंच संवाद सहयोगी, लंबी (श्री मुक्तसर साहिब) मुख्यमंत्र
कलाकार गग्गू गिल का बेटा है इस गांव का सरपंच
संवाद सहयोगी, लंबी (श्री मुक्तसर साहिब)
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के विधान सभा हलका लंबी के गांव माहणीखेड़ा में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने को लेकर शनिवार की सुबह करीब 12 बजे शिरोमणि अकाली दल के दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान हुई गोलीबारी में दोनों गुटों के पांच लोग घायल हो गए। जिन्हे विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया। दो की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
सरपंच गुरअमृत सिंह गिल ने बताया कि गांव में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य चल रहा है। इसके अंतर्गत शनिवार को रणदीप सिंह व राजविंदर सिंह दो अन्य व्यक्ति ट्रैक्टर पर लाइट लगाने का सामान लेकर जा रहे थे। जबकि दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर हमला बोलकर उनका ट्रैक्टर और पिस्तौल छीन लिया। इस दौरान ही उनकी ओर से गोली भी चलाई गई। जोकि रणदीप सिंह के हाथ व राजविंदर सिंह के टांग पर लगी जबकि अजयपाल सिंह भी घायल हो गया। इन्हें मलोट के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से डॉक्टरों ने राजविंदर सिंह व रणदीप सिंह को फरीदकोट के मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। गुरअमृत गिल फिल्मी कलाकार गग्गू गिल का लड़का है।
दूसरा गुट मलोट के आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलविंदर सिंह पूनियां का कहना है कि उसका भाई चेता सिंह गांव का नेता है। सरपंच की ओर से उनके क्षेत्र में स्ट्रीट न लगा कर अपने ही क्षेत्र में लगाई जा रही थी। इसलिए ही इस कार्य को उनकी ओर से बंद करवा दिया गया था। आज फिर से उनकी ओर से काम शुरु कर दिया गया, जिसे रुकवाने के लिए उसका भाई गया था। लेकिन दूसरे पक्ष ने उन पर गोलियां चला दी। इसमें हरिंदर सिंह नामक दो व्यक्ति घायल हो गए। इन्हे लंबी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस घटना के उपरांत थाना लंबी के थाना प्रभारी गुरप्रीत सिंह बैंस ने मौके पर पहुंचकर दोनों गुट के बयान लेने के उपरांत जांच शुरु कर दी है।