फेरे लेने से पहले दुल्हन को छोड़ मंडप से भागा दूल्हा, लोगों ने पकड़कर कर दी पिटाई
बरात लेकर आया दूल्हा फेरे लेने से ठीक पहले उठकर भाग खड़ा हुआ। ससुरालियों ने पीछा करके उसे काबू किया, मगर दूल्हे ने शादी करने से इन्कार कर दिया।
जेएनएन, लुधियाना। जालंधर से बारात लेकर आया दूल्हा फेरे लेने से ठीक पहले उठकर भाग खड़ा हुआ। ससुरालियों ने पीछा करके उसे काबू किया, मगर दूल्हे ने लड़की के साथ शादी करने से इन्कार कर दिया। लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। थाना डिवीजन तीन पुलिस ने केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर कमलदीप सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान जालंधर के संतोखपुरा निवासी दीपक दुग्गल के रूप में हुई है। पुलिस ने भामियां रोड जमालपुर निवासी वधू के पिता राजकुमार की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया।
पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि उसकी बेटी तनु अरोड़ा की शादी आरोपित के साथ तय हुई थी। शुक्रवार को आरोपित दीपक अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ बारात लेकर पहुंचा। शिंगार सिनेमा के पीछे रियाल रिसोर्ट में शादी का आयोजन था। गाने बजाने के बीच वर और वधू पक्ष में मिलनी हुईं, जिसके बाद वर वधू जयमाला हुई, मगर दोपहर बाद जैसे ही सब लोग फेरों पर बैठे। उसी दौरान दीपक ने कहा कि उसे घबराहट हो रही है, ऐसा लग रहा है कि उलटी आ जाएगी। यह कहते हुए वह बाथरूम की तरफ भागा। उसके पीछे उसके परिवार के लोग भी गए। पहले तो वधू पक्ष के लोगों को सब कुछ सामान्य लगा, मगर जब वो काफी देर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू हुई। दीपक के रिश्तेदारों से बात करने पर पता चला कि वो वहां से भाग गया है। उसने अपने रिश्तेदारों से कहा कि वो तनु से शादी नहीं कर सकता। उसका किसी और लड़की के साथ प्रेम संबंध हैं।
लड़के वालों ने ही भरा रिसाेर्ट का बिल
उधर, दीपक के पिता विजय कुमार ने बताया कि उनका संतोख पुरा में कबाड़ का काम है। दीपक उनका इकलौता बेटा है। फेरों से पहले सब ठीक ठाक था। फेरों से ठीक पहले उसे एक फोन आया, जिस पर एक लड़की ने उसे धमकाया कि अगर उसने शादी की तो वो उसके घर के बाहर आत्महत्या कर लेगी। उसकी बातों से घबरा कर दीपक वहां से भाग खड़ा हुआ। उसके बाद वधू पक्ष के लोगों ने रिसोर्ट के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए। विजय कुमार ने कहा कि वधू के पिता के दवाब बनाने पर उसी ने रिसाेर्ट का बिल भी अदा किया है।