लुधियाना में भाजपा जिला मुख्यालय में घुसे यूथ कांगेस नेता, प्रधानमंत्री मोदी का पुतला जलाने की कोशिश
वीरवार को यूथ कांग्रेस नेताओं ने घंटाघर स्थित भाजपा ऑफिस में घुस कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाने की कोशिश की। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया है। भाजपा के प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता ने पुलिस को शिकायत दी है।
लुधियाना, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला लेकर यूथ कांग्रेस के कुछ वर्कर घंटाघर स्थित भाजपा के जिला मुख्यालय में घुस गए। वहां पहुंचकर पुतला जलाने का प्रयास कर रहे युवको को पुलिस ने खदेड़ दिया।
भाजपा के प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता ने जिला मुख्यालय में दावा किया कि पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी गई है। अगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो भाजपा कार्यकर्ता इससे निपटने के लिए रणनीति तैयार करेंगे। जीवन गुप्ता ने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्होंने चूड़ियां नहीं पहनी हुई हैं। वह कानून का सम्मान करते हैं लेकिन अगर कार्रवाई से गुरेज की गई तो भाजपा कार्यकर्ता अपने स्तर पर इससे निपटेंगे।
लुधियाना में भाजपा मुख्यालय में यूथ कांग्रेस नेताओं को समझाती हुई पुलिस।
गुप्ता ने आरोप लगाया किसानों को कृषि कानूनों को लेकर गुमराह करने के साथ-साथ कांग्रेस लोगों का ध्यान बांटने के प्रयास में जुटी है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बयान कि किसान आंदोलन से प्रदेश का माहौल खराब हो सकता है पर टिप्पणी करते हुए जीवन गुप्ता ने कहा की संवैधानिक पद पर बैठे होने के बावजूद मुख्यमंत्री ऐसी बातें कर रहे हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी उन्हीं पर है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के जिला मुख्यालय में घुसकर प्रधानमंत्री का पुतला जलाने का प्रयास कर रहे कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री के बयान को सही साबित करने का प्रयास किया है। इस दौरान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण बंसल प्रदेश प्रवक्ता अनिल सरीन,प्रदेश कोषाध्यक्ष गुरुदेव शर्मा देबी, जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह मौजूद रहे।
हमने तो सिर्फ पीएम का पुतला लटकायाः हांडा
यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष योगेश हांडा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा किसानों के लिए लाए गए काले कानून का हम विरोध कर रहे थे। इसी के मद्देनजर हमने भाजपा कार्यालय वाली इमारत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला लटकाया था। हम ना तो भाजपा के आफिस में घुसे ना ही हमने पुतला जलाने का प्रयास किया।