दिल का दौरा पड़ने से हवालाती की मौत
जागरण संवाददाता, लुधियाना : सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत की खबर सुनते ही शुक्रवार को सेंट्रल जेल
जागरण संवाददाता, लुधियाना : सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत की खबर सुनते ही शुक्रवार को सेंट्रल जेल में एक हवालाती हरमिंदर सिंह उर्फ बंटी की तबीयत खराब हो गई। जेल प्रशासन ने उसे गंभीर हालत मे अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में रख दिया गया। हरमिंदर समराला के गांव रहौले का रहने वाला था। शुक्रवार की सुबह हरमिंदर अपने तीन दोस्तों के साथ बैठकर अखबार पढ़ रहा था। इस दौरान जब वह माछीवाड़ा रोड पर हादसे में मरे आठ लोगों की खबर पढ़ते ही उसकी तबीयत खराब हो गई। साथी हवालातियों ने इसकी सूचना जेल प्रबंधन को दी। मौके पर पहुंचे जेल कर्मियों ने उसे जेल में बने अस्पताल में पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन जेल के गेट पर पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। जेल प्रबंधन ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रख दिया गया। शनिवार को उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। इस संबंध में जेल सुपरिंटेंडेंट एसपी खन्ना ने कहा कि तबीयत खराब होने की वजह से हरमिंदर की मौत हुई है। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा।