दहेज प्रताड़ना से तंग आकर दी जान, पति समेत 3 पर केस
जागरण संवाददाता, लुधियाना : ससुराल वालों से परेशान आकर एक महिला ने फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान डेहलों के गांव रुड़का निवासी गुरमीत कौर के रूप में हुई। फतेहगढ़ के गांव गांव चुन्नी माजरा निवासी गुरमीत के पिता जोगिंदर सिंह की शिकायत पर थाना डेहलों की पुलिस ने गांव रुड़का निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सोनू, उसकी मां गुरदेव कौर व बहन बलजीत कौर के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
जोगिंदर सिंह ने बताया कि उसकी बेटी गुरमीत कौर की शादी 12 साल पहले गांव रूड़का के सुखविंदर सिंह उर्फ सोनू से हुई थी। उसका एक लड़का है। शादी के कुछ ही समय बाद दहेज की मांग को लेकर ससुराल वालों ने गुरमीत कौर को तंग करना शुरू कर दिया। शनिवार 3 बजे उसके नाती गुरजोत सिंह ने उसे फोन पर बताया कि उसकी मां ने छत वाले पंखे से चुनरी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पीड़ित पिता का आरोप है कि उसकी बेटी ने ससुराल वालों से दुखी होकर ही यह कदम उठाया है। एसएचओ अमनदीप सिंह बराड़ ने कहा कि आरोपियों की तलाश के लिए रेड की जा रही है। जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।