दहेज उत्पीड़न के मामले में चार पर पर्चा
जासं, लुधियाना : दहेज के लिए विवाहिता का उत्पीड़न करने के दो मामले में थाना वुमेन पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पहले मामले में भामियां रोड स्थित तेज इंक्लेव निवासी आरती सरीन की शिकायत पर वसुंधरा (नई दिल्ली) के सेक्टर 9 निवासी दुष्यंत सरीन (पति), हरीश चंद्र सरीन (ससुर) तथा रविंदर सरीन (सास) के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस से की शिकायत में आरती ने बताया कि 12 दिसंबर सन 2002 को उसकी शादी दिल्ली के दुष्यंत सरीन के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे और दहेज लाने के लिए परेशान करना शुरू कर दिया। वहीं, एसबीएस नगर निवासी रीना की शिकायत पर थाना वुमेन पुलिस ने गुरु अर्जुन देव नगर निवासी सुरिंदर सिंह रावत के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस से की शिकायत में रीना ने बताया कि 30 मई 2013 को उसकी शादी सुरिंदर सिंह रावत के साथ हुई। शादी के कुछ दिन बाद सुरिंदर उसे और दहेज लाने के लिए परेशान करने लगा। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।