कांग्रेस की सबसे बड़ी हार होगी : करात
जागरण संवाददाता, लुधियाना
चंडीगढ़ रोड के किनारे स्थित पूडा ग्राउंड में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी( सीपीएम) के राष्ट्रीय महासचिव प्रकाश करात ने रविवार को पार्टी की रैली को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार कांग्रेस पार्टी की सबसे बड़ी हार होने वाली है। करात ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल के इन सात वर्षो में सर्वाधिक महंगाई बढ़ी है। उन्होंने पेट्रोल और डीजल पर से सरकारी नियंत्रण हटाने के कारण महंगाई बढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी नहीं चाहती कि देश के गरीबों का भला हो। आवश्यक वस्तुओं का सट्टेबाजी करवा कर कांग्रेस सरकार ने जनता को कमर तोड़ महंगाई की चक्की में पीसा है। जनता कांग्रेस की भ्रष्टाचारी नीति को समझ गई है। कांग्रेस के मंत्रियों ने बेशुमार घोटाले किए हैं। देश में हजारों करोड़ के घोटाला हुए हैं, इनकी जांच जारी है। इसलिए इस बार कांग्रेस के नेता कुछ भी कर लें, लेकिन उन्हें जीत नहीं अब तक की सबसे बड़ी हार का सामना करना ही पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि देश में तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी और सरकार बनाने में वे विशेष पहल करेंगे। करात ने भाजपा और आरएसएस की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि आरएसएस मोदी को मोहरा बनाकर देश की सत्ता पर काबिज होना चाहती है जो तीसरा मोर्चा कभी संभव नहीं होने देगा। करात ने कहा कि चार वर्षो में देश में करीब एक लाख 86 हजार से ज्यादा किसान आत्महत्या किए जो देश के लिए खतरा है।
इस मौके पर लुधियाना से सीपीएम का उम्मीदवार सुखविंदर सिंह सेखों, विजय मिश्रा, अमरजीत मट्टू, करतार सिंह भुवानी, गुलजार गोरिया, अवतार सिंह, परमजीत सिंह तथा जगदीश चन्द्र आदि समर्थक उपस्थित थे।
सेखों को दिलाएंगे जीत : यूनियन
लुधियाना लोकसभा सीट से सीपीएम के उम्मीदवार सुखविंदर सिंह सेखों के पक्ष में ट्रेड यूनियनों और होजरी वर्कर्स यूनियन की ओर से बस्ती जोधेवाल चौक में विशाल रैली निकाली गई। रैली को संबोधित करते हुए ट्रेड यूनियन नेता डीपी मोड़, होजरी वर्कर्स यूनियन प्रधान फिरोज मास्टर, ओपी मेहता आदि ने कहा कि सेखों को जीत दिलाने के लिए वे लोग घर जा रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वह सेखों को भारी मतों से विजयी बनाएं।