फगवाड़ा में ट्रक ने सात लोगों को रौंदा, छह की मौत
फगवाड़ा में बस स्टैंड के समीप तेज गति से आ रहे ट्रक ने सात लोगों को रौंद दिया। इनमें से छह लाेगों की मौत हो गई। चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख पाया और इसने एक मोटर साइकिल, आटो व साइकिल सवार को चपेट में ले लिया।
फगवाड़ा (कपूरथला)। यहां बस स्टैंड के समीप तेज गति से आ रहे ट्रक ने सात लोगों को रौंद दिया। इनमें से छह लाेगों की मौत हो गई। चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख पाया और इसने एक मोटर साइकिल, आटो व साइकिल सवार को चपेट में ले लिया। ट्रक जालंधर की ओर से आ रहा था। दुघर्टना से यहां अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मरने वालों में पांच की ही पहचान हो पाई है। इनमें से विजय कुमार व परमिंदर फगवाड़ा के ही रहने वाले थे। रोहित उर्फ हरदीप लुधियाना के गगन नगर व पिंकू लुधियाना के गुरुनानक नगर के थे। लक्ष्मण नामक व्यक्ति मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला था और फिलहाल लुधियाना में रह रहा था। एक घायल की पहचान प्रभात के तौर पर हुई है। वह जालंधर के करारी गांव की रहने वाली है। उसके पति का नाम राजकुमार है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगोंं व पुलिस ने ट्रक द्वारा कुचले गए लोगों काे निकाला और अस्पताल पहुंचाया। घटना से आक्रोशित लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ट्रक चालक से पूछताछ कर रही है।