गदईपुर की यूनाइटेड कांस्टिंग फैक्ट्री में धमाके से उड़ी छत, दो मजदूर बुरी तरह घायल
वीरवार दोपहर करीब 12 बजे जालंधर के गदईपुर में यूनाइटेड कास्टिंग फैक्ट्री में जोरदार धमाका होने से फैक्ट्री की छत उड़ गई। घटना में तीन मजदूर घायल हो गए हैं। दो गंभीर हैं।
जागरण संवाददाता, जालंधर। यहां के फोकल प्वाइंट स्थित गदाईपुर में यूनाइटेड कास्टिंग में दोपहर 12 बजे एक जोरदार धमाके से फैक्ट्री की छत उड़ गई। हादसे में दो श्रमिक बुरी तरह से जख्मी हैं जबकि एक अन्य को भी चोटें लगी हैं। सभी को इलाज के लिए निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। धमाका इतना जोरदार था कि छत के मलबे के टुकड़े पास में बने बेड़े की छत पर बैठी कई महिलाओं के सिर पर जा लगे। फैक्ट्री के पीछे बने कुछ मकानों की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
बॉयलर फटने के बाद फैक्ट्री के अंदर का हाल। यहां हर चीज जलकर खाक हो गई है।
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। दुर्घटना की जांच की जा रही है। धमाका इतना जोरदार था कि उसकी आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे लोग बाहर निकल आए। उन्होंने घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा है।
फैक्ट्री मालिक विपन घई ने बताया कि ब्लास्ट करीब 12 बजे हुआ। उस समय वह फैक्ट्री में ही थे। अचानक धमाके की आवाज सुनने के बाद वह भागकर नीचे पहुंचे तो चारों ओर धुआं ही धुआं दिखाई दिया। धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री के ऊपर सीमेंटेड चादर की छत उड़ गई और अंदर का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। विपन का दावा है कि ब्लास्ट प्रेशर बढ़ने के कारण हुआ है। उन्होंने कहा ब्लास्ट बॉयलर फटने से नहीं हुआ है क्योंकि उनकी फैक्ट्री में बॉयलर है ही नहीं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।