ASI ने नगर निगम के कर्मचारी को मारा थप्पड़, माफी मांग छुड़ानी पड़ी जान
दोनों पक्षों को समझाने के बाद निगम मुलाजिम को थप्पड़ मारने वाले एएसआइ ने सभी की मौजूदगी में माफी मांगी जिसके बाद मामला शांत हुआ।
जालंधर, जेएनएन। नगर निगम कर्मचारी को थप्पड़ मारना एएसआइ को महंगा पड़ गया। मामला बढ़ता देख एएसआइ को कर्मचारी से माफी तक मांगनी पड़ी। इस मामले को लेकर काफी देर तक बस्ती बावा खेल के पास हंगामा चलता रहा। थप्पड़ मारने से गुस्साए कर्मचारी ने अपने साथियों के साथ सड़क जाम कर दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसएचओ ने मामला शांत करवाया। मामला शांत होने के बाद जाम खुलवाया और वाहनों सहित सड़क पर फंसे लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर को बस्ती बावा खेल नहर पर नगर निगम का एक कर्मचारी कूड़े से भरे एक ट्रक को लेकर गुजर रहा था। इस दौरान कर्मचारी के ट्रक की एक अॉल्टो कार से हल्की टक्कर हो गई। टक्कर से कार की एक साइड में रगड़ लग गई। कार चला रहे व्यक्ति ने कर्मचारी के साथ किसी तरह की बहस नहीं की। इस दौरान वहां मौजूद एएसआइ की निगम कर्मचारी के साथ बहस हो गई। बहस के दौरान एएसआइ ने कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद नगर निगम कर्मचारी ने गुस्से में आकर अपने साथियों को बुला लिया और सड़क जाम कर दी।
निगम मुलाजिमों द्वारा कूड़े से भरी ट्रेक्टर-ट्रॉली लगाकर जाम की गई सड़क।
नगर निगम कर्मचारियों की तरफ से सड़क पर लगाया गया जाम।
एक घंटे तक लगा रहा जाम
नगर निगम कर्मचारी के साथी माैके पर पहुंच गए और एएसआइ की इस हरकत का विरोध करना शुरू कर दिया। लगभग एक घंटे तक बस्ती बावा खेल नहर रोड के पास जाम लगा रहा। एक घंटे तक जाम के कारण कपूरथला जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हंगामे और जाम की सूचना मिलने पर थाना बस्ती बावा खेल के एसएचओ कमलजीत सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया। थप्पड़ मारने वाले एएसआइ ने सभी लोगों के सामने नगर निगम कर्मचारी से माफी मांगी। इसके बाद मामला शांत हुआ और जाम खुलवाया गया।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें