लोगों ने प्रशासन व निगम को किया बाय-बाय
जागरण संवाददाता, जालंधर : जब से राज्य में कांग्रेस सरकार आई है तब से लोगों ने जिला प्रशासन व नगर निग
जागरण संवाददाता, जालंधर : जब से राज्य में कांग्रेस सरकार आई है तब से लोगों ने जिला प्रशासन व नगर निगम दफ्तरों के चक्कर काटने बंद कर दिए हैं। लोग अपनी शिकायतें लेकर सीधे कांग्रेस भवन पहुंच रहे हैं। जिला कांग्रेस भवन में रोजाना 60 से 70 लोग जिला प्रशासन व नगर-निगम के खिलाफ अपनी शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं। जिला कांग्रेस शहरी के प्रधान दलजीत सिंह आहलुवालिया ने बताया कि पार्टी के सत्ता में आने से पहले ही कांग्रेस भवन में लोगों की समस्याओं के निवारण को कर्मचारी नियुक्ति कर दिए गए थे। सुविधा सेंटर व जिला प्रशासन के कर्मचारी जिन कामों के लिए लोगों को विभागों के चक्कर कटवाते थे अब उन्हीं कामों को उनके कर्मचारी एक दिन में करवा कर उनकी परेशानी हल कर रहे हैं।
ये काम होते हैं कांग्रेस कार्यालय से
कांग्रेस भवन में जिला प्रशासन व सुविधा केंद्र, एसएसपी ऑफिस और नगर निगम के काम-काज करवाने के लिए विशेष रूप से पूर्व पार्षद हरकिशन सिंह बावा को नियुक्त किया गया है, जबकि तहसील के काम-काज को गुरसेवक सिंह सेखों देख रहे हैं। प्रधान आहलुवालिया ने बताया उनके पास ज्यादातर शिकायतें भ्रष्टाचार की, टूटी सड़कों, स्ट्रीट लाइट व नक्शे पास न होने की आ रही हैं।