आटो पलटने से दुबई रिटर्न चालक की मौत, सवारियों को खरोंच तक नहीं
संवाद सहयोगी, जालंधर : गांव ब्यास के पास आटो पलटने से दुबई रिटर्न चालक की मौत हो गई जबकि सवारियों को खरोंच तक नहीं आई। मृतक विक्की पुत्र सोहन लाल निवासी जल्लोवाल काला बकरा पत्नी, दो बेटियों व एक बेटा को पीछे छोड़ गया है।
जानकारी के मुताबिक विक्की कुछ साल पहले दुबई गया था। वहां पर काम कर पैसा जमा किया और दो साल पहले यहां आकर अपना आटो खरीद लिया। रविवार को वह काला बकरा से छह सवारियां लेकर जालंधर आ रहा था। जैसे ही ब्यास गांव के पास आटो पहुंचा तो उसके आटो के चक्के जाम हो गए और आटो पलट गया। विक्की पलटते आटो से बाहर आ गिरा और आटे उसकी छाती पर चढ़ गया। छाती दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। विक्की के पिता सोहन लाल घर की आर्थिक हालत सुधारने के लिए चाय की दुकान चलाता है।
जाको राखे साईयां मार सके न कोई
जाको राखे साईयां, मार सके न कोय वाली कहावत इस दुर्घटना में उस वक्त दिखी जब विक्की की तो मौत हो गई और पीछे बैठी छह सवारियों में से किसी को खरोंच तक नहीं आई। आटो पलटते ही सभी सवारियां भी आटो में दब गई। लोगों ने आटो उठाया तो सारी सवारियां, जिनमें तीन महिलाएं भी थीं, अपने कपड़े झाड़ते हुए खड़े हो गए। वहीं विक्की को उठाने की कोशिश की तो उसकी सांस बंद हो चुकी थी।