सतलुज में डूबने से एक युवक की मौत, दूसरे की हालत बिगड़ी
फिल्लौर : नहर में डूबने से एक लड़के की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत बिगड़ गई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार गांव लसाड़ा के रहने वाले पवित्र सिंह पुत्र बलबीर सिंह (20) व सिमरन सिंह पुत्र गुरमेल सिंह (22) नहाने के लिए सतलुज नदी गए। पहले नहाने के लिए पवित्र सिंह पानी में कूदा, लेकिन डूबने लगा। उसको डूबता देख सिमरन सिंह उसे बचाने के लिए नदी में कूदा, लेकिन वह भी गोते खाने लगा। दोनों युवकों को डूबता देख नजदीक ही खेतों में काम कर रहे किसानों ने सिमरन सिंह को तो बचा लिया, मगर पवित्र सिंह डूब गया। उसको तीन घंटे की मशक्कत के बाद पानी से बाहर निकाल कर चकदाना के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिमरन गंभीर हालत में अस्पताल में उपचाराधीन है। इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई। मृतक पवित्र सिंह तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी एक बहन की शादी दो मई को होने जा रही थी, जिसके सिलसिले में उसका पिता शादी के कार्ड बांटने गया हुआ था। पवित्र सिंह प्लस टू के पेपर देकर आगे पढ़ने की तैयारी कर रहा था।