श्रीराम जी की निकली सवारी..पर झूमे श्रद्धालु
जागरण प्रतिनिधि, होशियारपुर
श्री सनातन धर्म सभा की तरफ से श्री राम नवमी महोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सनातन धर्म स्कूल से शुरू हुई शोभायात्रा शहर के मुख्य बाजारों से होती हुई शक्ति मंदिर में विश्रामित हुई। रास्ते में स्थान-स्थान पर लोगों ने पुष्प वर्षा करके अपनी श्रद्धा का इजहार किया। शोभायात्रा में विभिन्न संकीर्तन मंडलियां भगवान राम का गुणगान करती वातावरण को राममयी बना रहीं थी। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा लंगर लगाए गए थे। इस दौरान श्री हनुमान जी का बाणा पहने युवाओं की टोली भगवान के जयघोष करती इस प्रकार निकल रहीं थी कि हर कोई उनके दर्शन को लालायित दिखा। यात्रा में भाग लेने पहुंचे विभिन्न मंदिरों द्वारा सजाई झांकियां आकर्षण का केन्द्र रहीं। इस मौके पर भगवान राम की सुन्दर झांकी देखते ही बन रही थी और राम भक्त श्री राम जय राम जय-जय राम की धुन राम जी की निकली सवारी राम जी की लीला है न्यारी-न्यारी.., जग में सुन्दर हैं दो नाम चाहे कृष्ण कहो या राम.., राम लक्ष्मण जानकी जय बोलो श्री हनुमान की.. भजनों पर झूमते चल रहे थे। इस मौके पर सनातम धर्म सभा के पदाधिकारियों के अलावा कई गणमान्य लोगों ने यात्रा में शिरकत की।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर