मोटापा कम करना है तो खानपान पर दें पूरा ध्यान
संवाद सहयोगी, दसूहा मोटापा बीमारी का घर है और इससे बचने के लिए खानपान पर ध्यान देना बेहद जरुरी है।
संवाद सहयोगी, दसूहा
मोटापा बीमारी का घर है और इससे बचने के लिए खानपान पर ध्यान देना बेहद जरुरी है। यह बात बीएएमएस डॉ. विनीता ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि आजकल हम देखते हैं कि लगभग हर तीसरा व्यक्ति मोटापे से जूझ रहा है। इसके होने के दो कारण है वंशानुगत अर्थात जिसके माता पिता मोटे होते हैं उनकी संतान प्राय: मोटी होती है। दूसरा कारण है भूख से अधिक खाना, शारीरिक श्रम न करना। जितने इंच शरीर की ऊंचाई हो उतना किलो शारीरिक वजन ठीक है। इससे अधिक होने पर मोटा और कम होने पर पतला कहा जाएगा।
खानपान के साथ साथ व्यवहार पर भी ध्यान दें जैसे सुबह जल्दी उठें व एक गिलास गरम पानी में नींबू निचोड़कर उसमें दो चम्मच शुद्ध शहद मिलाकर पीएं। कुछ समय टहलें, इसके बाद शौच के लिए जाएं। रोज 3-4 किलोमीटर अवश्य चलें व हलका व्यायाम करें।
ये रखें डाइट
डॉ. विनीता ठाकुर ने कहा कि नाश्ते में रसदार फल लें या मक्खन निकली लस्सी पीएं। दोपहर के खाने में जौ के आटे की एक दो रोटी, उबली सब्जी, कच्चा सलाद व सूप लें। तीसरे पहर फलों का रस लें। रात में खाने में हरी उबली सब्जी और एक दो जौ के आटे की रोटी खाएं व खाने के एकदम बाद पानी न पीएं। मोटापा कम करने के लिए भोजन में सब्जी, सलाद व सूप अधिक लें।
ऐसे करें मोटापा कम
मोटापा दूर करने या इससे बचने के दो उपाय है पहला खान पान में सुधार और दूसरा प्रतिदिन शारीरिक श्रम करना। तेल, घी आदि से बनी वस्तुएं, अधिक कार्बोहाईड्रट युक्त भोजन जैसे आलू, शकरकंदी व चीनी से बनी चीजें न खाएं। दिन में न सोएं व शारीरिक श्रम अधिक करें। इसके अलावा जो व्यक्ति बहुत अधिक मोटे हैं वह चिकित्सक के परामर्श से मोटापा कम करने की आयुर्वेदिक औषधियां लेकर उसके बाद अपने खानपान पर ध्यान दें।