वेबसाइट व सोसायटी बनाने में नहीं कोई मुश्किल
हजारी लाल, होशियारपुर शहर को स्मार्ट सिटी की कतार में खड़ा करने के लिए नगर निगम को जिन मानकों पर ख
हजारी लाल, होशियारपुर
शहर को स्मार्ट सिटी की कतार में खड़ा करने के लिए नगर निगम को जिन मानकों पर खरा उतरना है वे ज्यादा टेढ़ी खीर नहीं है। बस जरूरत है प्रयास की। ऐसा करके निगम शहर को देश की सौ स्मार्ट सिटी में शुमार करवा सकता है।
15 मानकों में जिन दो की आज हम बात कर रहे हैं वह हैं नगर परियोजनाओं के बारे में बेवसाइट और सोसायटियां बनाने की। दोनों ही काम बेहद आसान हैं। इसमें किसी तरह के फंड की रूरत नहीं। इसके लिए मेयर शिव सूद को ठोस प्लान बनाना होगा। उसे अमलीजामा पहनाने के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करनी होगी।
वेबसाइट लांच कर एक मुलाजिम की ड्यूटी लगाएं
निगम का अधिकांश काम कंप्यूटरीकृत है। मेयर शिव को इतना ही करना है कि वह परियोजनाओं को दर्शाने के लिए वेबसाइट लांच करवा दें। इसे अपडेट करने के लिए कंप्यूटर में माहिर एक कर्मचारी की ड्यूटी फिक्स कर दी जाए जो उसे समय-समय पर अपडेट करता रहेगा। इसके लिए न तो फंड की जरूरत पड़ेगी और न ही अलग से कोई कर्मचारी रखने की ही जरुरत है। वेबसाइट की सुविधा होने से जहां निगम हाइटेक होगा, वहीं घर बैठे ही लोग परियोजनाओं के बारे भी जानकारी हासिल कर सकेंगे। ऐसा करके निगम इस मानक से 10 अंक बड़े आराम से हासिल कर सकती है।
रही बात, निकाय योजनाओं संबंधी वेलफेयर कमेटियां बनाने की, तो यह आसान काम ही है। शहर के पचास वार्डो में राजनीति से ऊपर उठकर वेलफेयर सोसायटी गठित कर दी जाए। कमेटी का मुखिया पार्षद हो। वेलफेयर सोसायटी के विचार-विमर्श के बाद ही संबंधित वार्ड में काम करवाने पर मुहर लगाई जाए। इससे निगम को दो फायदे होंगे। एक तो वार्ड में वही काम होंगे, जो बेहद जरूरी होंगे। दूसरे जनता के साथ भी निगम का तालमेल और ज्यादा बढ़ेगा।
एक्सपर्ट व्यू
अब जमाना हाईटेक हो चुका है। शहरवासियों की इच्छा होती है कि वह घर बैठे नगर की परियोजनाओं को जान सकेंगे। बेवसाइट से लोग आसानी से तमाम जानकारी भी हासिल कर सकेंगे और अपना कीमती सुझाव देंगे। इसके अलावा वार्ड स्तर पर भी वेलफेयर सोसायटी बनाने का बहुत फायदा होगा। सीधे-सीधे पब्लिक और निगम का आपस में अच्छा तालमेल रहेगा। काम में पारदर्शिता तो रहेगी ही, साथ में विकासकार्यो की भी गति बढ़ेगी।
-मनु शर्मा, इंजीनियर।
कोट..
सिटी को स्मार्ट सिटी का दर्जा दिलाने के लिए हर वह कदम उठाए जाएंगे, जो जरूरी होंगे।
-शिव सूद, मेयर होशियारपुर।