नतीजों के दिलचस्प पहलू
परमार की घरवाली और साली दोनों विजयी भाजपा शहरी मंडल प्रधान विनोद परमार की पत्नी कविता परमार वार्ड
परमार की घरवाली और साली दोनों विजयी
भाजपा शहरी मंडल प्रधान विनोद परमार की पत्नी कविता परमार वार्ड-33 से चुनाव जीतीं। इसके अलावा वार्ड 39 से विनोद परमार की साली सविता मंट्टू बाजी मारने में सफल रहीं।
वार्ड 37 में सबसे कम वोट से हारे कमलेश
वार्ड-37 से कांग्रेस प्रत्याशी सुदर्शन धीर ने भाजपा के प्रत्याशी कमलेश शर्मा को महज 12 मतों के अंतर से हराया। निगम के चुनाव में यह सबसे कम अंतर की हार थी। 2009 के नगर परिषद चुनाव में भी कमलेश शर्मा कांग्रेस के मदन लाल गांधी के हाथों 12 वोट से ही हारे थे।
सबसे ज्यादा वोट से अशोक जीते
वार्ड 46 से भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार शोकी सबसे ज्यादा मतों से जीते हैं। उन्होंने आजाद प्रत्याशी मुकेश कुमार मल्ल को 1070 मतों के अंतर से हराया है। यहां से कांग्रेस प्रत्याशी सुभाष भल्ला को तीसरे स्थान पर संतोष करना करना पड़ा।
खन्ना गुट के चुनावी शेर हो गए ढेर
नगर निगम चुनावों में सांसद अविनाश राय खन्ना व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला के लगभग सभी चुनावी शेर ढेर हो गए। इन दोनों नेताओं के कोटे से वार्ड-6 से भाजपा की टिकट लेने में कामयाब रहे रजिंदर परमार को कांग्रेस के ब्रह्म शंकर जिंपा ने हराया। वार्ड-3 से भाजपा प्रत्याशी रंजीत सिंह तीसरे स्थान पर रहे। वार्ड-17 से भाजपा प्रत्याशी अजीत सिंह लक्की आजाद प्रत्याशी बलविंदर बिंदी से पराजित हो गए। वार्ड 32 से भाजपा प्रत्याशी मीनाक्षी शारदा आजाद उम्मीदवार गुरप्रीत कौर से चुनाव हार गईं।
खन्ना के दाहिने हाथ तलवाड़ का जलवा
वार्ड-4 से सांसद अविनाश राय खन्ना के कोटे से अपनी पत्नी नीति तलवाड़ को भाजपा की टिकट लेने में कामयाब रहे संजीव तलवाड़ ने जीत में सबसे बड़ा जलवा कायम किया है। नीति तलवाड़ ने कांग्रेस सीमा सोनी को 1009 मतों के हराया है। अशोक कुमार शोकी के बाद यह दूसरी बड़ी जीत है।
आजाद मेहता ने सेतिया की पत्नी को हराया
वार्ड-5 से कांग्रेस की टिकट न मिलने से आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में कूदे विक्रम मेहता ने मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार रह चुके कमलजीत सेतिया की पत्नी सुषमा सेतिया को 364 मतों के अंतर से हराया। इस वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश डाबर मिंटू को तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा।