Move to Jagran APP

वोटर सूची उपलब्ध नहीं मिलने से हड़कंप

श्याम लाल, पठानकोट पठानकोट नगर निगम परिधि से संबंधित वोटर सूची उपलब्ध नहीं होने के कारण चुनाव लड़ने

By Edited By: Published: Wed, 28 Jan 2015 07:45 PM (IST)Updated: Wed, 28 Jan 2015 07:45 PM (IST)

श्याम लाल, पठानकोट

loksabha election banner

पठानकोट नगर निगम परिधि से संबंधित वोटर सूची उपलब्ध नहीं होने के कारण चुनाव लड़ने के लिए आतुर बैठे सैकड़ों नेताओं में हड़कंप मचा हुआ है। नगर निगम के प्रस्तावित चुनाव को ध्यान में रखकर तैयार की गई वोटर सूची छप कर मंगलवार से आम लोगों को उपलब्ध करवा दी जानी थी, परंतु बुधवार देर सायं तक भी यह आम लोगों के लिए उपलब्ध नहीं हो सकी। उधर, कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सत्ताधारी गठबंधन के इशारों पर निकाय विभाग सूची से छेड़छाड़ कर सकता है।

बुधवार को भी विभिन्न वार्डो के लोग वोटर सूची के लिए निगम दफ्तर के चक्कर लगाते रहे। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अनिल विज ने कहा कि यह जांच का विषय है। उन्होंने निगम के कमिश्नर एवं एसडीएम पठानकोट पर भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं देने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह पहले 23 जनवरी को वोटर सूची की कापी उपलब्ध करवा देने की बात कर रहे थे। अब वोटर सूची के संबंध में पूछा जाता है तो टाल-मटोल कर देते हैं। कांग्रेस ने वोटर सूची की उपलब्ध नहीं होने पर शंका व्यक्त करते हुए आरोप लगाया है कि अकाली-भाजपा गठबंधन के इशारे पर निकाय विभाग जहां पठानकोट की हदबंदी को लेकर तीन बार अध्यादेश जारी कर चुका है, वहीं वह गुप-चुप तरीके से वोटर सूची के साथ भी छेड़छाड़ कर सकता है।

निगम ने अपने हिस्से का काम कर दिया है : निगम सुपरिंटेंडेंट

लोगों को वोटर सूची उपलब्ध नहीं करवा पाने संबंधी जब निगम के सुपरिंटेंडेंट इंद्रजीत सिंह से बात की गई तो उन्होंने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि निगम ने अपने हिस्से का काम कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब वोटर सूची तैयार होकर चुनाव कार्यालय में पहुंचेगी। वहीं से लोगों को यह उपलब्ध होगी।

पीटीके-41) मामले की करेंगे पड़ताल : कमिश्नर

नगर निगम के कमिश्नर डाक्टर अमित महाजन ने कहा कि वह इस बात की पड़ताल करेंगे कि आखिर वोटर सूची लोगों को क्यों उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि वह आज पठानकोट से बाहर हैं अतएव इस मामले में अपडेट नहीं हो सके हैं। उन्होंने कांग्रेस की आपत्तियों पर भी कुछ बोलने से यह कहते हुए इंकार किया कि वह स्थिति का विश्लेषण करने के बाद ही कुछ कह सकने की स्थिति में होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई की अगर कहीं कोई तकनीकी दिक्कत भी दरपेश हो रही होगी तो इसे अविलंब दूर किया जाएगा। लोगों को समय पर वोटर सूची उपलब्ध करवाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.