खूनी झड़प में सात जख्मी
संवाद सहयोगी, पठानकोट/सुजानपुर : गांव चक फूल प्यारा में सोमवार को दो गुटों के बीच हुई खूनी झड़प में दो महिलाओं सहित सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो लोगों के सिर में गंभीर चोट लगने से इनकी हालत नाजुक बनी हुई है। इन सभी घायलों को स्थानीय लोगों के सहयोग से सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों की पहचान पहले गुट के राम लाल, इनकी पत्िन कांता, बेटी मीनाक्षी व बेटा नरेश कुमार के रूप में हुई है। जबकि दूसरे गुट के करतार सिंह, इनके बेटे अरुण कुमार व विनोद कुमार के रूप में हुई है। दोनों पक्षों के लोगों ने इस मामले की शिकायत थाना सुजानपुर में कर दी है।
अस्पताल में भर्ती पहले गुट के घायल नरेश कुमार ने आरोप लगाया कि उनके माता-पिता रोजाना सुबह सिलाई का काम करने घर से कुछ दूरी पर स्थित टेलर की दुकान पर चले जाते थे। वह भी अपने कार्य के लिए चला जाता था। बाद में घर में मौजूद उसकी बहन से दूसरे गुट के करतार सिंह का छोटा बेटा छेड़खानी करता था। इस छेड़खानी में वह कभी घर का गेट खड़का कर चला जाता तो कभी गेट के सामने मोटरसाइकिल का बार-बार हार्न बजाकर परेशान करता आ रहा था। उसकी इस हरकतों की जानकारी संबंधी उसकी बहन ने उसे रविवार की रात दी। सोमवार को सुबह करतार सिंह गेट खड़का कर फरार हो गया। उसी दौरान वहां से गुजर रहे उसके भाई अरुण से इसकी शिकायत की गई तो वह उनकी बात सुनने की बजाए मारपीट पर उतारू हो गया। देखते ही देखते अरुण का पिता व बड़ा भाई ने उनपर हमला कर दिया। इस हमले में वह, उसकी व माता-पिता जख्मी हो गए।
वहीं दूसरे गुट के घायल करतार सिंह ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए झगड़े का कारण भूमि विवाद में पुरानी रंजिश बताया। उन्होंने बताया कि उक्त पहले घायल गुट के घर के समीप उनकी जमीन है। जिसका रास्ता उनके घर के पास से गुजरता है। जब भी वह अपने खेतों में जाने का प्रयास करते हैं तो वह उनसे झगड़ा करने पर उतारू हो जाते हैं। सोमवार को सुबह भी उनका बेटा खेतों में पशुओं का चारा लेने जा रहा था कि उसे रोक कर दूसरे गुट ने हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके साथ ही उसने अपने पालतु कुत्ते को उसपर छोड़ दिया। इस दौरान हमले की सूचना मिलते ही जब वह खुद तथा उसका बड़ा बेटा मौके पर पहुंचे तो एक और कुत्ते ने दोनों को भी बुरी तरह काटा वहीं पूरे परिवार ने हमला कर उन्हें घायल किया। दोनों पक्षों ने उक्त झगड़े संबंधी शिकायत स्थानीय पुलिस थाना में की है।
मामले की जांच की जा रही है : थाना प्रभारी
इधर, पुलिस थाना सुजानपुर के प्रभारी परमवीर सैनी ने बताया कि झगड़े के संबंध में दोनों पक्षों की शिकायतें उन्हें प्राप्त हो गई है। पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए जांच कर रही है। जांच के बाद बनती कार्यवाई की जाएगी।