पत्नी को उतारा मौत के घाट, तीन जख्मी
कार्यालय प्रतिनिधि, श्री मुक्तसर साहिब : गांव महांबद्धर में महिला के किसी के साथ फरार हो जाने से गुस्साए उसके पति ने भाइयों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। साथ ही उसने तीन लोगों को घायल कर दिया। सभी घायल व्यक्ति जिला सिविल अस्पताल में उपचाराधीन हैं। थाना लक्खेवाली पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को शीघ्र ही काबू कर लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार गांव महाबद्धर निवासी लखविंदर सिंह उर्फ खीरी की पत्नी ज्योति करीब ढाई महीने पहले गांव के ही रणजीत सिंह पुत्र सतनाम सिंह के साथ फरार हो गई थी। सोमवार रात रणजीत सिंह ज्योति के साथ अपने गांव महाबद्धर घर पर पहुंच गया। इस बात की खीरी को भी भनक लग गई। लाठियों से लैस होकर खीरी अपने भाइयों के साथ रणजीत सिंह के घर पर पहुंच गया। घर के दरवाजे नहीं खुले तो वे उनके मकान की छत पर चढ़ गए। बांसों की छत होने के कारण उन्होंने उसमें सेंध लगा ली और फिर छत को आग लगा दी। आग से हुए धुएं के बाद जैसे ही रणजीत, ज्योति और परिवार के अन्य लोग कमरों से बाहर निकले तो उन्होंने ऊपर से ईटों से हमला बोल दिया। इसके बाद उन्होंने घर के अंदर पहुंचकर भी उन पर लाठियों से वार किए। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। इस हमले में ज्योति, रणजीत, सतनाम सिंह और नैनो बुरी तरह से घायल हो गए। सूचना मिलने पर लक्खेवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सिविल अस्पताल की वैन ने चारों घायलों को जिला सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। जहां करीब 20 वर्षीय ज्योति की मौत हो गई। थाना प्रभारी मेजर सिंह ने बताया कि रणजीत सिंह के पिता सतनाम सिंह के बयान पर लखविंदर सिंह उर्फ खीरी, उसके भाइयों सोना सिंह, लक्खी सिंह और गोलू सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर