मार्च से नहीं आया गरीबों का राशन
मुख्य संवाददाता, फिरोजपुर : खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण गरीबों को मिलने वाले सस्ते राशन की सप्लाई मार्च से बंद है। फूड एंड एलाइड यूनियन की हड़ताल के बाद स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। अप्रैल की नौ तारीख होने के बावजूद डिपो पर सस्ता राशन नहीं पहुंचा है। मामले पर न तो फूड एंड सिविल सप्लाई विभाग के अधिकारी ध्यान दे रहे हैं और न ही स्थानीय प्रशासन।
जानकारी के अनुसार डिपो में राशन सप्लाई के लिए हर माह के अंत में फूड एंड सिविल सप्लाई विभाग की तरफ से राशन आवंटित होता है। इसके बाद पंजाब स्टेट सिविल सप्लाई कार्पोरेशन से डिपो मालिक माल उठाते हैं। लेकिन, यहां तो जनता को मार्च तक का राशन नहीं मिला है।
दूसरी ओर बताया जा रहा है कि हड़ताल को देखते हुए बाजार में आटे का दाम 14 से बढ़कर 18 रुपये हो गया है। बस्ती सुनवा के रहने वाले गुरदीप सिंह ने बताया कि डिपो पर राशन न आने के कारण उन्हें बाजार से राशन खरीदना पड़ रहा है। डिपो से 25 किलो गेहूं और ढाई किलो दाल खरीदने पर सिर्फ 150 रुपये खर्च होते थे। लेकिन, अब इतने ही राशन पर उन्हें छह सौ रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। लेकिन फिर भी राशन पूरा नहीं हो पाया।
चौंकाने वाली बात यह है कि फूड एंड एलाइड यूनियन की हड़ताल बीस दिन से चल रही है, लेकिन किसी ने भी यूनियन के नेताओं को बुलाकर समझौता करने की कोशिश नहीं की।
दूसरी ओर डीएफएससी मनोहर लाल नागपाल का कहना है कि कई दिन से लिफ्टिंग न होने के कारण ऐसी स्थिति पैदा हुई है। वह टेंडर मंगवा रहे हैं ताकि काम सुचारू रूप से चल सके। नागपाल ने बताया कि फिरोजपुर को छोड़कर अन्य स्थानों पर राशन बांटा गया है। जबकि मार्च में राशन वितरित न होने के सवाल का वह कोई जवाब नहीं दे पाए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर