पंजाब की धरती पर दिखेगी हरियाली : ज्याणी
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर
पंजाब के प्रदूषित होते वातावरण को स्वच्छ बनाने के लिए सरकार द्वारा विशेष योजना बनाई गई है। इसके लिए राज्य के सभी शहरों और गांव की सड़कों के किनारे लोगों द्वारा अवैध रूप से किए गए कब्जों को हटाने की विशेष मुहिम चलाई जाएगी। इस बात का खुलासा वन मंत्री सुरजीत कुमार ज्याणी ने वीरवार देर शाम फिरोजपुर दौरे के दौरान किया। इस मौके पर उनके साथ पंजाब भाजपा के महासचिव कमल शर्मा, जिला प्रधान नतिंदर मुखिजा भी मौजूद थे।
मंत्री ज्याणी ने बताया कि पंजाब के वातावरण को स्वच्छ बनाना इस समय सबसे बड़ा व जरूरी कार्य है। राज्य में हरित क्षेत्र कम होना, वातावरण में प्रदूषण फैलना और उसका जहरीला होना काफी गंभीर बात है। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती को फिर से हरा-भरा बनाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। इस कड़ी में सबसे पहले सड़कों के किनारे लोगों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाया जाएगा। इसके लिए हाल ही में उन्होंने राज्य भर के वन विभाग अधिकारियों को निर्देश जारी कर सड़कों के किनारे लोगों द्वारा किए गए अवैध कब्जे खाली करवाने को कहा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग कब्जा खाली करने से मना करते हैं, उनके खिलाफ संबंधित थाने में मामले दर्ज करवाए जाएं।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा जल्द ही मलोट से मुक्तसर साहिब, मलोट से डबवाली, मलोट से अबोहर व मलोट से बठिंडा तक की सड़कों के दोनों तरफ पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन सभी रूट की सड़कों के दोनों किनारों पर पौधे लगाने से पहले लोगों द्वारा किए गए अवैध कब्जे छुड़ाने का काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन सभी सड़कों के किनारे दस करोड़ रुपये की लागत से पौधे लगाए जाएंगे। यह काम जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से वृक्ष काटने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर