दूसरों को नसीहत, खुद मियां फजीहत
जागरण संवाददाता, फाजिल्का
सच ही कहा है, दूसरों को उपदेश देना आसान होता है, जबकि उस उपदेश का खुद पालन करना काफी मुश्किल होता है। कुछ ऐसा ही देखा गया लोगों के चालान काटने में जुटी पुलिस के साथ। दरअसल, लगातार दो दिन से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटने में जुटी पुलिस खुद बिना नंबर की गाड़ी पर सवार थी।
डीएसपी सुखदेव सिंह बराड़ के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अभियान चलाया हुआ है। इसके तहत पिछले दो दिन के भीतर खुद डीएसपी बराड़ ने नाकों पर दर्जनों वाहनों के चालान काटे हैं और बेतरतीब खड़े वाहनों को जब्त किया है। लेकिन हैरानीजनक बात तब देखने को मिली जब चालान काटने के लिए नगर थाना पुलिस की जो बोलेरो गाड़ी बाजारों में दनदनाती फिर रही है, उस पर नियमानुसार गाड़ी नंबर तो दूर बल्कि नंबर प्लेट ही गायब था। भले ही पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान से बाजारों में यातायात व्यवस्था में सुधार होने लगा है, लेकिन पुलिस को इस बारे में कौन समझाए कि दूसरों को नसीहत देने से पहले खुद भी अमल करना होता है।
इस बारे में डीएसपी बराड़ से बात की गई तो उन्होंने कहा कि पुलिस की गाड़ी पर नंबर प्लेट न होना हैरानीजनक है। यह मामला उनके नोटिस में नहीं है। वह संबंधित थाने में बात कर इस बारे में जानकारी लेंगे व यातायात नियमों का पालन घर से शुरू करने पर बल देंगे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर