सेना इंटेलीजेंस ने पकड़ा झोलाछाप डॅाक्टर
अनिल मालवीय, फिरोजपुर सेना में भर्ती होने के लिए आए नौजवानों को सेना में भर्ती करवाने के नाम पर झ
अनिल मालवीय, फिरोजपुर
सेना में भर्ती होने के लिए आए नौजवानों को सेना में भर्ती करवाने के नाम पर झांसा देने वाला एक झोलाछाप डॉक्टर को सेना इंटेलीजेंस के अधिकारियों ने रविवार शाम को घर से दबोचा है। यह व्यक्ति सेना में भर्ती होने आए नौजवानों को मेडिकल चेकअप करके उन्हें सेना में भर्ती करवाने का झांसा देता था। इंटेलीजेंस अधिकारियों की शिकायत पर थाना कैंट में इस झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ देर शाम मामला दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक कैंट के चुंगी नंबर 8 के पास झोलाछाप डॉक्टर प्रवेश बिश्नोई अपना क्लीनिक चलाता है और गत दो साल से यह नौजवानों को गुमराह करने का काम कर रहा था। रविवार को उसने छावनी के ज्योति स्टेडियम के पास फिरोजपुर के गांव वीरेवाला के निवासी राजा सिंह से यह कहकर 1.45 लाख रुपये ले लिए कि वह उसे सेना में जवान के पद पर भर्ती करवा देगा। उधर, जैसे ही यह खबर इंटेलीजेंस के अधिकारियों को लगी, उन्होंने रंगे हाथ प्रवेश बिश्नोई को धर दबोचा। इस बात की पुष्टि एसपी (डी) अमरजीत सिंह ने की है।
उन्होंने बताया कि अभी इस मामले में और पड़ताल चल रही है। वहीं थाना कैंट के प्रभारी जितेंद्र सिंह का कहना है कि अभी प्रवेश बिश्नोई को गिरफ्तार नहीं किया गया है। बताते चलें कि वर्ष पूर्व भी इंटेलीजेंस ने सेना में भर्ती को लेकर मुदकी व फरीदकोट से लोगों को गिरफ्तार किया था।