हनी सिंह के अपहरण की साजिश रचते दो गिरफ्तार
अमित कुमार शर्मा, फरीदकोट पुलिस ने गायक योयो हनी सिंह के अपहरण की साजिश रचने वाले गिरोह का पर्द
अमित कुमार शर्मा, फरीदकोट
पुलिस ने गायक योयो हनी सिंह के अपहरण की साजिश रचने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर उसके दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के पास से आठ विदेशी पिस्तौल व जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह पंजाब, हरियाणा व दिल्ली में अपहरण, फिरौती व हथियारों की तस्करी के काम को अंजाम देता था।
जोन के आइजी परमराज सिंह उमरानंगल ने मंगलवार को एसएसपी ऑफिस फरीदकोट में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि सीआए स्टाफ के इंचार्ज लखबीर सिंह के अनुसार पुलिस पार्टी ने 20 अक्टूबर की रात को चहल रोड नहर के पास नाका लगाया हुआ था। रात करीब दस बजे कोटकपूरा की ओर से आ रही स्विफ्ट कार (पीबी05एच-0004) को रुकने का इशारा किया तो उसमें बैठे आरोपियों ने कार से उतर कर पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस पार्टी ने मुकाबला करते हुए परमपाल सिंह उर्फ पाला निवासी सुरघूरी, जैतो व लक्शदीप सिंह निवासी फरीदकोट को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका तीसरा साथी गुरचरण सिंह अंधेरे का फायदा उठा फरार हो गया। आरोपियों के पास से पुलिस ने आठ पिस्तौल व जिंदा कारतूस बरामद किया। बरामद असलहा की कीमत करीब दो करोड़ है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने रणजीत सिंह मालिक कल्याण गन हाउस मानसा को गिरफ्तार कर लिया।
गिरोह का संबंध पारस गिरोह के साथ
आइजी ने खुलासा किया कि गिरोह के सदस्यों का संबंध पकड़े गए गैंगस्टर पारस के साथ है, जो दिल्ली, यूपी और हरियाणा व राजस्थान में सक्रिय है। पारस पहले ही कोटकपूरा पुलिस की हिरासत में है। उसने पूछताछ में बताया कि कुछ समय पहले उसने अपने साथी गुरचरण सिंह उर्फ रिंका व परमपाल सिंह उर्फ पाला से मिलकर कोटकपूरा में एक फार्चूनर गाड़ी बंदूक के बल पर छीन ली थी। पारस दिल्ली व हरियाणा में अब तक 14 कत्ल व 8 फिरौती की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
अमीर घरों के बच्चों को अगवा करने की रची थी साजिश
आइजी ने बताया कि उक्त गिरोह के सदस्यों ने कोटकपूरा के अमीर लोगों के बच्चों को अगवा करने की साजिश रची थी। जिसके बदले वह करीब 20 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाले थे। गिरोह ने गायक योयो हनी सिंह को भी अगवा करने की भी साजिश रची थी। उनकी साजिश पुलिस की मुस्तैदी के चलते विफल हो गई। प्रेस कांफ्रेंस में डीआइजी मोहनीश चावला, एसएसपी सुखदेव सिंह काहलों व एसपी (डी) विक्रमजीत सिंह भी मौजूद थे।