गर्मी के चलते सरकारी व एडिड स्कूलों का समय बदला
बढ़ती गर्मी को देखते शिक्षा मंत्री डा. दलजीत सिंह चीमा ने पंजाब के सभी सरकारी व एडिड स्कूलों का समय बदल कर सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक करने का फैसला किया है।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़ : बढ़ती गर्मी को देखते शिक्षा मंत्री डा. दलजीत सिंह चीमा ने पंजाब के सभी सरकारी व एडिड स्कूलों का समय बदल कर सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक करने का फैसला किया है। बदला गया समय 21 मई से 31 मई 2016 तक लागू होगा। इसके बाद पहली से 30 जून तक सभी सरकारी व एडिड स्कूलों में अवकाश रहेगा।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए राज्य के समूह सरकारी व एडिड स्कूलों का समय बदला गया है जिनमें प्राइमरी, मिडल, हाई व सीनियर सेकेंडरी स्कूल शामिल हैं। गर्मी की छुट्टियों तक सुबह की सभा भी बंद रहेगी और उसकी जगह पहले पीरियड की शुरुआत में प्रत्येक क्लास रूम में राष्ट्र गान होगा। मिड डे मील (आधी छुट्टी) का समय स्कूल के मुखिया अपने स्तर पर निर्धारित करेंगे।
डॉ. चीमा ने सूबे के प्राइवेट स्कूलों को भी निर्देश दिए हैं कि वह भी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते अपने स्कूलों की स्थिति अनुसार अपने स्तर पर स्कूलों के समय में तबदीली करें। उन्होंने प्राइवेट स्कूलों को यह भी अपने स्तर पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी भी विद्यार्थी का गर्मी के कारण कोई नुकसान न हो।