नवजोत सिद्धू कभी भी मिला सकते हैैं 'आप' से हाथ, संजय सिंह ने दिए संकेत
आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू आप के संपर्क में हैं। आने वाले दो-चार दिनों में इसके परिणाम सामने होंगे।
जेएनएन, चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के प्रभारी संजय सिंह ने वीरवार को संकेत दिए हैं कि नवजोत सिंह सिद्धू कभी भी आप के साथ हाथ मिला सकते हैं। उन्होंने इस बाबत स्पष्ट तौर पर कहा कि सिद्धू के साथ नए सिरे पार्टी की बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि सिद्धू आप में शामिल होंगे, डिप्टी सीएम बनाए जाएंगे या आवाज ए पंजाब का आप के साथ गठबंधन होगा तथा कितनी सीटें दी जाएंगी संबंधी किसी भी प्रकार का कोई फैसला नहीं लिया गया है।
एक सवाल के जवाब में संजय सिंह ने कहा कि पंजाब व पंजाबियों के हित में सिद्धू व उनकी पत्नी ने कई सालों से सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। इसलिए उनके साथ नए सिरे से आप हाथ मिलाने के बारे में विचार कर रही है। डेढ़ माह पहले सिद्धू के साथ आप की हुई बातचीत कोई नतीजा नहीं निकला था।
अलबत्ता सिद्धू ने प्रेस कांफ्रेंस करके आरोप लगाए थे कि केजरीवाल उनका इस्तेमाल शो पीस के रूप में करना चाहते हैं। उन्होंने केजरीवाल के खिलाफ प्रेस कांफ्रेंस करके मोर्चा खोल दिया था कि केजरीवाल की कथनी और करनी में काफी अंतर है। सिद्धू ने यह भी कहा था कि आप के साथ हाथ मिलाने का सवाल ही पैदा नहीं होता है। उसके बाद सिद्धू के सुच्चा सिंह छोटेपुर के साथ हाथ मिलाकर तीसरे मोर्चे में शामिल होने की बात चल रही थी।
पढ़ें : सिद्धू मानव बम की तरह, जो गले लगाएगा होगा शिकार : सुखबीर
बाद में कांग्रेस के साथ सिद्धू के सुर मिलने लगे थे। कांग्रेस के उच्च आधिकारिक सूत्रों ने इसकी पुष्टी भी शूरू कर दी थी कि सिद्धू के साथ कांग्रेस डिप्टी सीएम पद को लेकर समझौता करने के मूड में है। इसे कभी भी अमली जामा पहनाया जा सकता है। मौके की नजाकत देखते हुए और आप के नीचे गिर रहे ग्राफ के मद्देनजर केजरीवाल ने एक बार फिर से सिद्दू पर डोरे डालने शुरू कर दिए हैं।
वीरवार को संजय सिंह ने भी इसकी पुष्टी की है। कहा कि कांग्रेस के साथ सिद्धू की क्या बात हो रही है इस बाबत या तो सिद्धू बता सकते हैं या कांग्रेस, लेकिन बीते चार पांच दिनों से सिद्धू के साथ आप की बातचीत हो रही है। आने वाले दो-चार दिनों में इसके परिणाम सामने होंगे।
पढ़ें : केजरीवाल और कैप्टन अमरिंदर के बीच ट्वीट वार, साधे एक-दूसरे पर निशाने