सीएम बादल ने लिया हालात का जायजा, सीमावर्ती गांवों से लोगों का पलायन जारी
पाकिस्तान सीमा से लगते पंजाब के गांवों का पलायन जारी है। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने शनिवार को प्रभावित गांवों और राहत शिविरों का दौरा किया।
चंडीगढ़, [वेब डेस्क]। पंजाब के पाकिस्तान सीमा से लगते गांवों से शनिवार को भी पलायन जारी रहा। इसी बीच मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल पठानकोट अौर आसपास के जिलों के सीमावर्ती गांवों का दौरा करने पहुुंचे। वह सबसे पहले पठानकोट के तारागढ़ गांव पहुंचे अौर लोगों से मिले। इसके बाद वह अन्य जगहों के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल सुबह पठानकोट के तारागढ़ गांव पहुंचे। इसके बाद वह बारठ साहिब गुरुद्वारा पहुंचे। यहां गांवों से पलायन करके आए लोगों काे ठहराया गया है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान वहां लोगों से मिले और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करें और यह ध्यान रखें कि लोगों को कोई दिक्कत न होने पाए।
इसके बाद, मुख्यमंत्री गुरदासपुर के सीमावर्ती गांवों का दौरा करेंगे। बमियाल व अन्य क्षेत्रों में लोगों से मिलेंगे। बीएसएफ कैंप व राहत शिविरों का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे से पत्रकारों को दूर ही रखा गया और उनको तस्वीर तक नहीं लेने दी गई।
उधर, गुलाम कश्मीर में भारतीय सेना के सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पंजाब के सीमावर्ती गांवों को खाली कराने का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। हालांकि, माहौल में कोई अफरा-तफरी नहीं दिखी। सीमा से लगते दो किलोमीटर तक के क्षेत्र को पूरी तरह खाली करा लिया गया है, जबकि शेष आठ किलोमीटर तक लोगों को रुकने की छूट दी गई है।
पठानकोट, अमृतसर, गुरदासपुर तरनतारन, फिरोजपुर व फाजिल्का में शनिवार सुबह कुछ और लोग राहत शिविरों में पहुंचे। वहीं, गुरुद्वारों में भी लोग लगातार पहुंच रहे हैं। कैंपों व गुरुद्वारों में लोगों के खाने, रहने व सेहत जांच के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। करीब पांच से छह लाख लोग घर छोड़ कर कैंपों व रिश्तेदारों के पास रह रहे हैं।