हमारे पार्षदों ने देखी संसद की कार्यवाही
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : चंडीगढ़ नगर निगम के 31 पार्षदों ने सोमवार को संसद की कार्यवाही देखी और सद
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : चंडीगढ़ नगर निगम के 31 पार्षदों ने सोमवार को संसद की कार्यवाही देखी और सदन में बातचीत के तौर तरीके सीखे। सोमवार को महापौर आशा जसवाल के नेतृत्व में 31 पार्षदों के दल ने लोकसभा का स्टडी टूर किया। सांसद किरण खेर ने संसद भवन में सभी पार्षदों का स्वागत किया व दर्शक दीर्घा में बैठने की व्यवस्था की।
इस मौके पर चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन, पूर्व सांसद सत्यपाल जैन, अंबाला के सांसद रतनलाल कटारिया और चंडीगढ़ भाजपा के पूर्व प्रभारी प्रभात झा पहले से ही मौजूद थे। खेर ने सभी पार्षदों के लिए दोपहर के खाने की व्यवस्था की और संसद का सेंट्रल हॉल दिखाया। पार्षदों ने वह जगह भी देखी जहां आतंकवादी हमला हुआ था।
पार्षदों ने बहुत कुछ सीखा
महापौर आशा जसवाल ने दैनिक जागरण को बताया कि पांच बजे तक सभी पार्षदों ने लोकसभा की कार्रवाई देखी, मगर राज्यसभा की बैठक न होने के कारण वहां नहीं जा सके। निगम में पहली बार जीत कर आए पार्षदों ने सदन की कार्यवाही से बहुत कुछ सीखा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर पार्षदों को केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली से भी मिलाया गया।
ये नहीं जा पाए
जसवाल ने बताया कि उनके साथ 31 पार्षदों ने संसद की कार्यवाही देखी। उप महापौर अनिल दूबे, अपने बेटे की वर्षगंाठ के कारण और कांग्रेस पार्षद रविंदर कौर व भाजपा पार्षद अरुण सूद, सतप्रकाश अग्रवाल निजी कारणों से साथ नहीं जा पाए। पार्षदों का दल सोमवार सुबह 4 बजे टूरिस्ट बस में सवार होकर 9 बजे दिल्ली पहुंच गया था।