असलहा क्लर्क को गिरफ्तार ले गई मुंबई पुलिस
जागरण संवाददाता, अमृतसर डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के तहत असलहा शाखा में काम कर रहे क्लर्क बलजीत
जागरण संवाददाता, अमृतसर
डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के तहत असलहा शाखा में काम कर रहे क्लर्क बलजीत सिंह को मुंबई पुलिस ने सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। हालांकि इस एफआईआर में इस क्लर्क का सीधे नाम शामिल नहीं किया गया है मगर मामले में सबसे पहले काबू किए गए दलाल निधान सिंह द्वारा इसका नाम लिए जाने के बाद आज इसे काबू कर लिया गया है। मुंबई पुलिस ने इसे सीजेएम युक्ति गोयल की अदालत में पेश करने के बाद 27 जनवरी सायं चार बजे तक ट्रांजिट रिमांड पर हासिल कर लिया।
जांच अधिकारी इंस्पेक्टर एसआर शिवरशेटी ने बताया कि नोवापाड़ा थाना, मुंबई पुलिस ने 15 जुलाई 2015 को आर्म एक्ट 25 और 30 के अलावा आईपीसी 420, 465, 467, 468 और 471 में केस दर्ज किया। इसमें पुलिस ने मूल रूप से पंजाब व हाल थाना (महाराष्ट्र) पुलिस क्षेत्र में रहने वाले निधान सिंह को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से असलहा के जाली लाइसेंस और तीन हथियार भी बरामद किए थे।
निधान सिंह ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने तब तरनतारन व हाल में अमृतसर डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के असलहा शाखा में तैनात बलजीत सिंह से लाइसेंस बनवाया था। इसके आधार पर ही मुंबई पुलिस की टीम आज सुबह ही अमृतसर पहुंची और सीधे संबंधित शाखा में पहुंच कर बलजीत सिंह को काबू करने के बाद सीजीएम युक्ति गोयल की अदालत में पेश कर दिया।
14 लोगों को किया है गिरफ्तार
इंस्पेक्टर एसआर शिवरशेटी ने बताया कि अभी तक इस मामले में मुंबई की क्राइम शाखा 14 लोगों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से अलग-अलग तरह के 36 हथियार बरामद कर चुकी है।
बिना गिरफ्तारी वारंट के ले पहुंची पुलिस
मुंबई क्राइम ब्रांच की पुलिस बिना गिरफ्तारी वारंट के ही अमृतसर पहुंच गई। बलजीत सिंह को गिरफ्तार भी कर लिया मगर उसके ट्रांजिट रिमांड के लिए मुंबई पुलिस को घंटों इंतजार करना पड़ा। सरकारी वकील की सलाह के बाद उक्त आदेश जारी किए गए।