भगतांवाला में ही बनेगा सॉलिड वेस्ट प्लांट
जागरण संवाददाता, अमृतसर : भगतांवाला में ही सॉलिड वेस्ट प्लांट स्थापित होगा। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (
जागरण संवाददाता, अमृतसर : भगतांवाला में ही सॉलिड वेस्ट प्लांट स्थापित होगा। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) को निगम प्रशासन दो दिन बाद यही जवाब भेजने वाला है। निगम प्रशासन की दलील है कि भगतांवाला में प्लांट लगाने के लिए पांच विभागों द्वारा बकायदा एनओसी (नो आब्जेक्शन सर्टिफिकेट) मिल चुकी है। इसके अलावा यह स्थान मास्टर प्लान में भी शामिल है। हालांकि, पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी के प्रधान प्रकाश सिंह भंट्टी निगम के दावों को खारिज करते हैं।
भगतांवाला से डंप को शिफ्ट करने की मांग को लेकर 2006 में हाईकोर्ट में जनहित याचिका (नंबर 2032-06) दायर करने वाले भंट्टी ने बताया कि निगम को एनओसी नहीं क्लीयरेंस मिली है। भट्टी कहते हैं कि भगतांवाला डंप की उम्र खत्म हो चुकी है। दाना मंडी के बीच में स्थित डंप में प्लांट नहीं लगाया जा सकता है। यह आबादी के बीचोबीच है और यहां आने के लिए सरकारी रास्ता भी नहीं है। डंप के पास से रेलवे लाइन भी गुजरती है जोकि 1860 में बिछाई गई थी।
भट्टी की मानें तो शहरी आबादी जिस तरह बढ़ रही है प्लांट को शहर से बाहर लगाया जाना चाहिए। इसके लिए भराड़ीवाल में उन्होंने स्थान का चयन कर प्रशासन को जानकारी दी थी, लेकिन निगम इस स्थान पर प्लांट लगाने को तैयार नहीं। वह कहते हैं कि सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की टीम को भगतांवाला में बुलाकर निरीक्षण करवा लिया जाए, अगर वह यहां पर प्लांट लगाने की इजाजत दे देते हैं तो उन्हें कोई दिक्कत नहीं। पर, यह संभव ही नहीं है।
हालांकि, निगम के सेहत अफसर डॉ. चरणजीत कहते हैं कि केंद्रीय पर्यावरण व वन मंत्रालय की ओर से भगतांवाला डंप के लिए क्लीयरेंस मिली है। इसके लिए बकायदा भगतांवाला डंप पर एक टीम आई थी। जनता के एतराज भी मांगे गए थे। मंत्रालय एनओसी नहीं क्लीयरेंस ही देती है। इसके अलावा एयरपोर्ट अथारिटी, पंजाब पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी समेत चार विभागों की ओर से निगम को एनओसी दी गई है।
इधर, भगतांवाला डंप के आसपास रहने वाले लोग यहां निगम को कचरा फेंकने से रोकने के बाद अब प्लांट लगाने के विरोध में भी लामबंद नजर आ रहे हैं। इस मुद्दे पर राजनीति भी चरम पर है। दक्षिणी हलके के विधायक इंद्रबीर सिंह बुलारिया डंप की समस्या से परेशान लोगों के साथ हैं, जबकि निकाय मंत्री अनिल जोशी ने इस मुद्दे पर राजनीति न करने की नेताओं से अपील की है। डंप पर चारदीवारी बनाने के लिए 2 करोड़ की राशि निगम को सौंपने के बाद जोशी ने स्पष्ट कर दिया है कि डंप मास्टर प्लान में शामिल है। इसके लिए निगम को एनओसी भी मिल चुकी है।
इस सबके बीच एनजीटी को निगम सॉलिड वेस्ट प्लांट को लेकर जवाब भेजने की तैयारी में जुट गया है। एनजीटी ने एक्शन प्लान के साथ जवाब देने के लिए 25 दिसंबर तक की डेडलाइन दी है। जवाब देने की तैयारी शुरू हो गई है। मंत्री से लेकर निगम अधिकारियों के रवैये को देखते हुए निगम का यही जवाब होगा कि भगतांवाला में ही सालिड वेस्ट प्लांट लगेगा।
दो दिन में भेजेंगे जवाब : मेयर
मेयर बख्शीराम अरोड़ा ने कहा कि एनजीटी को दो दिन में निगम प्रशासन की ओर से जवाब भेज दिया जाएगा। निकाय मंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि भगतांवाला डंप मास्टर प्लान में शामिल है। निगम को इसके लिए एनओसी भी मिल चुकी है। गुरुनगरी के हित को देखते हुए इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।