रिश्वतखोर एडीशनल एसएचओ पर केस
जागरण संवाददता, अमृतसर : थाना सी डिवीजन में तैनात एडीशनल एसएचओ अशोक कुमार के खिलाफ रिश्वत लेने के आर
जागरण संवाददता, अमृतसर : थाना सी डिवीजन में तैनात एडीशनल एसएचओ अशोक कुमार के खिलाफ रिश्वत लेने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। रविवार को केस दर्ज होते ही अशोक कुमार फरार हो गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की, मगर वह अपने घर में नहीं मिला। अमित कुमार निवासी गेट हकीमां ने शिकायत की है कि उसका अपने ही रिश्तेदारों के साथ झगड़ा था। झगड़े में उसके रिश्तेदारों ने उसके घर में घुसकर मारपीट की है। थाना सी डिवीजन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। इस केस में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पूरे मामले की जांच थाना सी डिवीजन में तैनात एडीशनल एसएचओ अशोक कुमार के पास थी। अशोक कुमार ने आरोपी पार्टी को राहत दिलवाने के चक्कर में अदालत में समय पर चालान पेश नहीं किया। उसकी विरोधी पार्टी से अशोक कुमार ने दस हजार रुपये रिश्वत ली। इसी के चलते आरोपियों की जमानत हो गई। उसने पुलिस कमिश्नर जतिंदर सिंह औलख से शिकायत की। पुलिस कमिश्नर ने मामले की जांच एसीपी साउथ डॉ. बालकिशन सिंगला को सौंपी। एसीपी ने मौके पर जाकर जांच की। इसके अलावा थाना सी डिवीजन में तैनात पुलिस कर्मियों से भी खुफिया तौर पर पूछताछ की तो पता चला कि अशोक कुमार और अमित कुमार की विरोधी पार्टी के बीच सांठगांठ है।
एसीपी ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि अशोक कुमार ने दस हजार रुपये की रिश्वत ली है। इसके बाद यह रिपोर्ट एडीसीपी सिटी-वन परमपाल सिंह के पास पहुंची। एडीसीपी परमपाल सिंह ने भी अपने स्तर पर जांच की तो एडीशनल एसएचओ अशोक कुमार को आरोपी पाया गया। शनिवार की शाम दोनों ही अधिकारियों ने अपनी-अपनी रिपोर्ट पुलिस कमिश्नर को सौंपी। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर थाना सी डिवीजन में सबइंस्पेक्टर अशोक कुमार के खिलाफ रिश्वतखोरी के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। शनिवार को अशोक कुमार ड्यूटी पर था। जैसे ही उसे पता चला कि उसके खिलाफ मामला दर्ज हो रहा है तो वह थाने से खिसक गया। शनिवार देर रात केस दर्ज कर एक पुलिस पार्टी गठित की गई। रविवार सुबह इस पुलिस पार्टी ने अशोक कुमार के घर में छापामारी की, मगर वह घर में नहीं मिला। अशोक कुमार को सस्पेंड करने की कार्रवाई भी पुलिस विभाग द्वारा शुरू कर दी गई है। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण अशोक कुमार की सस्पेंशन नहीं हो पाई।