अफगानिस्तान हॉकी टीम को सहायता के रूप में सामान भेजा
जागरण संवाददाता, अमृतसर :
अफगानिस्तान में बिगड़े हालात के दौरान तालिबान आतंकवादियों की धमकी के बाद हॉकी खेल बंद कर चुके अफगानिस्तान में दोबारा हॉकी खेल को प्रमोट करने के उद्देश्य को लेकर हाकी फेडरेशन भारत द्वारा सहायता के रूप में भारत से सामान भेजा गया। हाकी फेडरेशन भारत द्वारा जड़खड़ अकादमी लुधियाना के विशेष प्रयास से भेजे जाने वाले सामान लेकर आए प्रधान जगरूप सिंह जड़खड़ ने कहा कि अफगानिस्तान में तालिबान की धमकी मिलने के बाद हॉकी खेल बंद कर दिया गया था। कई हॉकी खिलाड़ी तालिबान की गोलियों का निशाना बनते हुए अपनी जान गंवा चुके थे। अब नए सिरे से अफगानिस्तान देश की हॉकी टीम पाकिस्तान में तैयार हो रही है, की सहायता के लिए भारतीय हॉकी फेडरेशन की ओर से हॉकी खिलाड़ी पैदा करने के लिए सहायता के रूप में आज 200 हाकी, 164 गेंद, दो गोल कीपर किट व 200 हाकी कवर व 36 बढि़या हाकी गेंद भेजी जा रही है। अफगानिस्तान में सरकार के पास खिलाड़ी पैदा करने के लिए साधन न होने के कारण भारतीय हाकी फेडरेशन की ओर से सहायता भेजी गयी है। भारत से आज पाकिस्तान के रास्ते अफगानिस्तान हाकी का सामान भेजने के अवसर पर रमेश यादव, राजिंदर सिंह रूबी, कुलवंत राय, गुरबख्शीश सिंह, कीरतपाल सिंह आदि मौजूद थे।