VHP के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु हरि डालमिया का निधन, राम मंदिर आंदोलन से था रिश्ता
विश्व हिंदू परिषद (VHP) के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु हरि डालमिया का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। काफी लंबे समय से बीमारी विष्णु हरि डालमिया राम जन्मभूमि मार्गदर्शक मंडल के सदस्य भी थे।
नई दिल्ली, जेएनएन। विश्व हिंदू परिषद (VHP) के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु हरि डालमिया का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। काफी लंबे समय से बीमारी विष्णु हरि डालमिया राम जन्मभूमि मार्गदर्शक मंडल के सदस्य भी थे। बुधवार सुबह उन्होंने अपने गोल्फ लिंक स्थित आवास पर अंतिम सांस ली।
VHP के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने बताया कि बुधवार को उनका पार्थिव शरीर शाम 3 बजे तक उनके निवास 18 गोल्फ लिंक, नई दिल्ली पर रखा जाएगा। इसके बाद शाम 4.30 बजे दिल्ली के निगमबोध घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। विष्णु हरि डालमिया 1979 में विहिप से जुड़े रहे और फिर उपाध्यक्ष, कार्याध्यक्ष के बाद 2005 तक अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। इतना ही नहीं, वे राम जन्मभूमि मार्गदर्शक मंडल के सदस्य भी थे।
बीमारी के चलते विष्णु हरि डालमिया को पिछले महीने ही दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। देश के प्रमुख उद्योगपतियों में गिने जाने वाले डालमिया 91 वर्ष के थे। जानकारी के मुताबिक, लंबे समय तक मथुरा स्थित भगवान श्रीकृष्ण जन्मस्थान के प्रबंधन्यासी भी रहे। गायों और दरिद्र नारायण की सेवा में जीवनपर्यंत उन्होंने उल्लेखनीय योगदान दिया था
गौरतलब है कि राम जन्मभूमि आंदोलन में विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल एवं आचार्य गिरिराज किशोर के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। विष्णु हरि डालमिया का जन्म छह मई 1924 में हुआ था।