Yediyurappa Coronavirus News: मुख्यमंत्री येदियुरप्पा बाद अब उनकी बेटी भी कोरोना से संक्रमित
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा बाद अब उनकी बेटी भी कोरोना वायरस (COVID-19)से संक्रमित पाई गई है। बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल ने इसकी जानकारी दी है।
बेंगलुरु, एएनआइ। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा बाद अब उनकी बेटी भी कोरोना वायरस (COVID-19)से संक्रमित पाई गई है। बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल ने इसकी जानकारी दी है। मुख्यमंत्री इसी अस्पताल में देखरेख के लिए भर्ती हैं। अस्पताल ने कहा कि मुख्यमंत्री हालत ठीक है। डॉक्टरों की एक टीम उनके स्वास्थ्य पर बारीकी से नजर रख रही है।
बता दें कि रविवार को येदियुरप्पा ने जानकारी दी थी कि वह भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'मेरा कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया है। हालांकि मैं ठीक हूं, लेकिन डॉक्टरों की सलाह पर ऐहतियाती तौर पर अस्पताल में भर्ती हुआ हूं। हाल में मेरे संपर्क में आए उन सभी लोगों से मैं आग्रह करता हूं कि सतर्क और सेल्फ क्वारंटाइन रहें।'
येदियुरप्पा कोरोना से संक्रमित होने वाले कर्नाटक मंत्रिमंडल के चौथे सदस्य
वहीं कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि पिछले दो-तीन दिन में मुख्यमंत्री से मिलने वाले सभी लोगों का कोरोना टेस्ट होगा। पिछले एक हफ्ते की उनकी ट्रैवल हिस्ट्री की भी जांच होगी। वह कोरोना से संक्रमित होने वाले कर्नाटक मंत्रिमंडल के चौथे सदस्य हैं। इससे पहले, वन मंत्री आनंद सिंह, पर्यटन मंत्री सी टी रवि और कृषि मंत्री बी सी पाटिल कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी. देवेगौड़ा और कांग्रेस विधायक दल के नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने येदियुरप्पा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कर्नाटक के चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ के.सुधाकर और राज्य कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ईश्वर खंद्रे ने भी मुख्यमंत्री के शीघ्र स्वास्थ होने की कामना की।
कर्नाटक में 1.35 लाख मामले
बता दें कि राज्य में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। यहां अभी तक 1.35 लाख मामले सामने आ गए हैं। यहां 74,590 एक्टिव केस हैं और 2,496 लोगों की मौत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक कोरोना के साढ़े 17 लाख से ज्यादा मामले सामने आ गए हैं। वहीं 37 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है।