बारिश से 6 की मौत, चारधाम यात्रा रुकी
उत्तराखण्ड में भारी बारिश से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई है। लगातार जारी बारिश, बाढ़ व भूस्खलन के कारण वार्षिक चार धाम यात्रा रुक गई है और हजारों तीर्थयात्री फंसे हुए हैं।
देहरादून। उत्तराखण्ड में भारी बारिश से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई है। लगातार जारी बारिश, बाढ़ व भूस्खलन के कारण वार्षिक चार धाम यात्रा रुक गई है और हजारों तीर्थयात्री फंसे हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि तीर्थयात्री गंगोत्री, यमुनोत्री, बद्रीनाथ व केदारनाध धाम के रास्ते में फंसे हुए हैं।
गंगोत्री में भारी बारिश के कारण तीन दमकल कर्मियों की मौत हो गई। यहां एक पुल भी बह गया है व भागीरथी नदी में पानी बढ़ने से 40 से ज्यादा मकान डूब गए हैं।
सरकार ने पुष्टि की है कि वार्षिक चार धाम यात्रा अस्थायी तौर पर रोक दी गई है। शुक्रवार रात से जारी बारिश में तीन दमकल कर्मियों व तीन बच्चों सहित छह लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि बारिश से गढ़वाल सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है।
चमोली में छत ढहने से दो बच्चों की मौत हो गई। पोखरी में एक बच्चा बह गया। उत्तरकाशी भी बाढ़ से प्रभावित है।
अधिकारियों ने बताया कि अगले दो दिन तक और भारी बारिश होने की चेतावनी के बीच आपदा प्रबंधन व शमन केंद्र के लिए हाईअलर्ट जारी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
बद्रीनाथ के मार्ग में आने वाले बिराही, पातालगंगा व लम्बागर में भूस्खलन की खबर है। भूस्खलन के बाद यातायात प्रभावित हुआ है।
एक अधिकारी ने बताया, भूस्खलन व सड़कों के क्षतिग्रस्त हो जाने की वजह से कई तीर्थयात्री सड़कों पर फंसे हुए हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर