माधोराय मंदिर में लगेगी सबसे पहले हाजिरी
जिले के अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में आने वाले देवी-देवता सबसे पहले अपनी हाजिरी भगवान माधोराय के मंदिर में लगाएंगे। शिवरात्रि महोत्सव का आरंभ भगवान कृष्ण माधोराय से जुड़ा होने के कारण मंडी पहुंचने पर भी देवी-देवता दमदमा महल में स्थित माधोराय के मंदिर में अपनी उपस्थित दर्ज करवाएंगे और अपने-अपने पड़ाव पर निकलेंगे।
मंडी, जागरण संवाददाता। जिले के अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में आने वाले देवी-देवता सबसे पहले अपनी हाजिरी भगवान माधोराय के मंदिर में लगाएंगे। शिवरात्रि महोत्सव का आरंभ भगवान कृष्ण माधोराय से जुड़ा होने के कारण मंडी पहुंचने पर भी देवी-देवता दमदमा महल में स्थित माधोराय के मंदिर में अपनी उपस्थित दर्ज करवाएंगे और अपने-अपने पड़ाव पर निकलेंगे। 21 फरवरी से शुरू होने वाले महोत्सव में कमरूनाग देव सहित करीब 215 देवी-देवता लोगों को दर्शन देकर निहाल करेंगे। सर्वप्रथम शिवरात्रि महोत्सव की शोभा बढ़ाने के लिए आराध्य देव कमरूनाग देव के कदम मंडी पड़ते ही शिवरात्रि महोत्सव का आगाज होगा।
शिवरात्रि महोत्सव के इतिहास की बात करें तो मेले का आयोजन प्राचीनकाल में राजा ईश्वरी सेन ने सन् 1788 ईस्वी में किया गया था। मेला राजाओं व प्रजा के मनोरंजन के लिए हुआ करता था, जो सबसे पहले सेरी बाजार में आयोजित किया गया। सेरी बाजार में आज भी ऐतिहासिक चानणी स्थापित है, जहां कभी राजा अपने सिंहासन पर बैठकर मेले का लुत्फ उठाया करते थे। इसके बाद इस मेले को जिलास्तर का मेला घोषित किया गया। इसके बाद जैसे-जैसे समय गुजरता गया प्रदेशस्तर से राष्ट्रीय व आज अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले का नाम मिला।
भूतनाथ मंदिर में लगेगा श्रद्धालुओं का तांता
शिवरात्रि महोत्सव भगवान शिव के साथ जुड़ा हुआ है। मंडी में पहले दिन भगवान माधोराय की पूजा-अर्चना आरंभ होती है और एक शोभायात्रा निकलती है, जो बाबा भूतनाथ मंदिर तक जाती है। इसके बाद शिवरात्रि मेला शुरू होता है। इस दिन मंडी शहर व भूतनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। -----
शिवरात्रि महोत्सव में आने वाले सभी देवी-देवता सबसे पहले अपनी हाजिरी भगवान माधोराय के मंदिर में लगाते है। मेले में आने वाले देवी-देवताओं और उनके कारदारों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएगी। -डीके रतन, एडीएम मंडी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर