सत्संगियों से सराबोर हुआ परौर आयोजन
सतगुरु गुरेंद्र सिंह जी महाराज की एक झलक पाने के लिए बेकरार संगत का शुक्रवार सायं इंतजार समाप्त हो गया। राधास्वामी सत्संग परिसर परौर पहुंचने से पूर्व गुरेंद्र सिंह महाराज जी के नगरोटा बगवां से गुजरने की खबर जैसे ही शहर में फैली तो सैकड़ों लोग धीरे-धीरे अपने घरों से बाहर निकलकर सड़क के दोनों ओर जमा हो गए।
नगरोटा बगवां। सतगुरु गुरेंद्र सिंह जी महाराज की एक झलक पाने के लिए बेकरार संगत का शुक्रवार सायं इंतजार समाप्त हो गया। राधास्वामी सत्संग परिसर परौर पहुंचने से पूर्व गुरेंद्र सिंह महाराज जी के नगरोटा बगवां से गुजरने की खबर जैसे ही शहर में फैली तो सैकड़ों लोग धीरे-धीरे अपने घरों से बाहर निकलकर सड़क के दोनों ओर जमा हो गए।
पुलिस वाहन का सायरन जैसे ही लगभग सायं पांच बजे गूंजा तो स्थानीय दुकानदार भी अन्य लोगों के साथ मिलकर नतमस्तक होकर खड़े हो गए।
गुरेंद्र सिंह जी महाराज 11-12 मई को राधास्वामी सत्संग परिसर परौर में प्रवचन करेंगे। गुरेंद्र महाराज के प्रवचन सुनने के लिए कई वर्ष से हालांकि प्रदेश ही नहीं बल्कि साथ लगते राज्यों से भी हजारों की तादाद में संगत यहां पहुंचती है। लेकिन इस वर्ष संगत की तादाद में भारी बढ़ोतरी होने की संभावनाएं व्यक्त की जा रही हैं।
डेरा परिसर से जुड़े सूत्रों की अगर मानें तो इस बार गुरेंद्र सिंह जी महाराज परौर में इच्छुक संगत को नामदान की दीक्षा भी दे सकते हैं। परिसर में गुरु महाराज की इतनी महिमा है कि लाखों की तादाद में पहुंच रही संगत एक-दूसरे को राधा स्वामी कहते हुए प्रभु की भक्ति में लीन नजर आ रही है। परौर में लाखों सत्संगियों के पहुंचने के मद्देनजर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने व उसे नियंत्रित करने के लिए इतने पुख्ता इंतजाम किए गए हैं कि ट्रैफिक जाम लगने का सवाल ही नहीं उठता। ट्रैफिक को नियंत्रण में रखने के लिए खाकीधारी नहीं बल्कि सादे सफेद कपड़ों व सफेद टोपी पहने सेवादार (संगत) लगभग तीन किलोमीटर के दायरे में राष्ट्रीय उच्च मार्ग के दोनों ओर तैनात है। बाहरी राज्यों से अपने निजी वाहनों में यहां पहुंचने वाली संगत की गाडि़यों के लिए अलग से जगह-जगह अस्थाई पार्किग बनाई गई है। सड़क के दोनों तरफ चप्पे-चप्पे पर हाथ जोड़कर खड़े सेवादार संगत का मार्गदर्शन कर रहे हैं, साथ ही राधा स्वामी कहकर उनका स्वागत भी कर रहे हैं। उधर, जिला पुलिस विभाग ने भी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
परौर के आस-पास जहां तीन रिजर्व बटालियन तैनात हैं वहीं क्रेन एवं जगह-जगह एम्बुलेंस का भी इंतजाम किया गया है। एएसपी मोहित चावला के अनुसार ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चावला के अनुसार ट्रैफिक पुलिस के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर