मानसरोवर यात्रा में नए यात्रियों को मिलेगी प्राथमिकता
ैलास मानसरोवर यात्रा में वर्ष दर वर्ष यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को इस बार सरकार तरजीह देने वाली नहीं है। विदेश मंत्रालय इस वर्ष से पहली बार यात्रा में जाने वाले यात्रियों को प्राथमिकता देने जा रही है।
पिथौरागढ़। कैलास मानसरोवर यात्रा में वर्ष दर वर्ष यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को इस बार सरकार तरजीह देने वाली नहीं है। विदेश मंत्रालय इस वर्ष से पहली बार यात्रा में जाने वाले यात्रियों को प्राथमिकता देने जा रही है। सरकार के इस फैसले से देश के युवा और नए लोगों को शिव के धाम के दर्शनों को देखने का अवसर मिलेगा।
कैलास मानसरोवर यात्रा में प्रतिवर्ष जाने वाले जत्थों में पूर्व में भी यात्रा कर चुके यात्रियों की खासी तादात रहती है। बार-बार पहले यात्रा कर चुके यात्रियों के आवेदन के चलते नए यात्रियों को कैलास मानसरोवर जाने का अवसर कम मिलता है। कैलास मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले यात्रियों का दिल्ली में होने वाले प्रथम स्वास्थ्य परीक्षण में पहले यात्रा कर चुके यात्री सफल रहते हैं। उनके सफल रहने के कारण दल में जाने वाले यात्रियों का कोटा पूरा हो जाता है। फलस्वरूप दल में नए यात्रियों को अवसर कम मिल पाता है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस बार से विदेश मंत्रालय द्वारा यात्री चयन में परिवर्तन की नीति अपनाई जा रही है। लगातार यात्रा करने वालों के स्थान पर नए यात्रियों को अब तरजीह दी जा रही है। सरकार की इस नीति के चलते इस बार कैलास मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले दलों में सभी यात्री नए होंगे। विदित हो कि गत वर्ष तक यात्रा पर जाने वाले दलों में शामिल यात्रियों में कुछ यात्री पांच से लेकर 18 बार जा चुके यात्री शामिल रहे हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर